सुपौल: सिमराही मीट मार्केट में खूनी संघर्ष, दो पक्षों में हिंसक झड़प; 7 घायल, एक रेफर

सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र स्थित सिमराही एनएच-27 मीट मार्केट में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले, जिसमें सात लोग घायल हो गए। एक गंभीर घायल को सुपौल सदर अस्पताल रेफर किया गया है।

News Desk Supaul:

सुपौल जिले राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही एनएच-27 स्थित मीट मार्केट में शुक्रवार की शाम उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब दो पक्षों के बीच पुराना विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर, छूरा, दबिया और अन्य धारदार हथियार चलने लगे। घटना में कुल सात लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद सुपौल सदर अस्पताल रेफर किया गया है।

NH 27 पर मारपीट करते दोनों पक्ष

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब पांच बजे मीट मार्केट में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर विवाद मारपीट में बदल गया। कुछ ही देर में पूरा इलाका अफरा-तफरी और दहशत के माहौल में बदल गया। घटना के दौरान बाजार के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ समय के लिए एनएच-27 पर भी तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

अस्पताल में भर्ती घायल

घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित परिजनों ने बताया कि विवाद की शुरुआत बकरीद को लेकर गुरुवार रात सिनेमा हॉल में हुई कहासुनी से हुई थी। हालांकि उस समय मामला शांत करा दिया गया था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। शुक्रवार को वही विवाद फिर उभर आया और हिंसक संघर्ष में बदल गया।

घायलों की पहचान सिमराही नगर पंचायत वार्ड संख्या-9 धर्मपट्टी निवासी 17 वर्षीय मोहम्मद इजराइल, 35 वर्षीय मोहम्मद हसना, 55 वर्षीय मोहम्मद सतार, 50 वर्षीय बसीनम खातून, 35 वर्षीय जलाल उद्दीन, 28 वर्षीय मोहम्मद आजाद तथा 18 वर्षीय मोहम्मद अली के रूप में हुई है। सभी घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल राघोपुर में भर्ती कराया गया।

रेफरल अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. राहुल झा ने बताया कि कुल सात घायल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे, जिनमें कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि मोहम्मद हसना की स्थिति नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए सुपौल सदर अस्पताल रेफर किया गया है।

मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई और अस्पताल पहुंचकर घायलों व उनके परिजनों से पूछताछ की जा रही है। बताया कि आवेदन मिलने पर आगे की कार्यवाई की जाएगी।

Leave a Comment