Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के करजाईन थाना क्षेत्र के मोतीपुर पंचायत अंतर्गत दुधाधरी वार्ड संख्या-3 में शनिवार देर रात एक फरार अभियुक्त को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम के साथ ग्रामीणों द्वारा धक्का-मुक्की और विरोध किए जाने का मामला सामने आया है। इस दौरान पुलिस वाहन पर ईंट फेंके जाने से उसका शीशा टूट गया, जबकि महिला एसआई समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, करजाईन थाना पुलिस शनिवार रात क्षेत्र में गश्ती पर थी। इसी दौरान पुलिस को एक मामले में फरार चल रहे अभियुक्त के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम दुधाधरी वार्ड संख्या-3 पहुंची और अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि गिरफ्तारी के दौरान मामले में अभियुक्त व अन्य आरोपितों के परिजनों ने गिरफ्तार अभियुक्त को छुड़ाने का प्रयास किया।
बताया जाता है कि इसी दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों और महिलाओं ने पुलिस बल के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई और भीड़ में शामिल लोगों ने पुलिस वाहन पर ईंट फेंक दी, जिससे वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। धक्का-मुक्की की इस घटना में एसआई प्रज्ञा भारती सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद घायल पुलिसकर्मियों का उपचार कराया गया। वहीं पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
इधर, घटना के बाद रेफरल अस्पताल राघोपुर में भर्ती 13 वर्षीय दिलखुश कुमार ने आरोप लगाया कि पुलिस किसी अन्य व्यक्ति को पकड़ने आई थी। इसी दौरान पुलिस ने उससे पूछताछ की और उसके साथ मारपीट भी की। हालांकि पुलिस ने इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया है।
मामले की जानकारी देते हुए वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस नियमित गश्ती के दौरान प्राप्त सूचना के आधार पर फरार अभियुक्त को गिरफ्तार करने गई थी। अभियुक्त की गिरफ्तारी के बाद कुछ लोगों ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया और पुलिस बल के साथ धक्का-मुक्की की। इस घटना में महिला एसआई प्रज्ञा भारती समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं तथा पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है। उन्होंने बताया कि मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि एक किशोर के साथ पुलिस द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप तथ्यहीन है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है।







