Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड अंतर्गत पिपरा खुर्द पंचायत में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने शिविर में पहुंचे आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना।

शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे थे। जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि लोगों की समस्याओं का 30 दिनों के अंदर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटरों का भी जायजा लिया तथा प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आमजनों की शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सहयोग शिविर के निरीक्षण से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखीं, जिस पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।







