News Desk Patna:
बिहार की राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर हुए हंगामे के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। घटना को लेकर फायरिंग होने और न होने के दावों के बीच मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, कोचिंग संस्थान के बाहर कुछ लोगों के बीच विवाद और मारपीट की स्थिति उत्पन्न हुई। इस दौरान गोली चलने की बात भी सामने आई। खान सर ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि घटना के समय वह स्वयं मौके पर मौजूद थे और उन्होंने 8 से10 राउंड गोलियां चलती देखीं। उनके अनुसार, इस घटना में संस्थान का एक सुरक्षा गार्ड घायल भी हुआ है।
खान सर का कहना है कि उनकी कम फीस और प्रतियोगी परीक्षाओं में छात्रों के अच्छे परिणाम कुछ लोगों को पसंद नहीं आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में पुलिस भर्ती परीक्षा के परिणाम आने के बाद संस्थान में बड़ी संख्या में सफल छात्र पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्व वहां आए और कर्मचारियों व सुरक्षा कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया। उनका दावा है कि यह विवाद कोचिंग क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा और वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा हो सकता है।
घटना के बाद इलाके में पुलिस पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी तक जांच पूरी नहीं हुई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।
SSP कार्तिकेय शर्मा ने कहा, यहां पर कुछ मारपीट की घटना हुई है। यहां पर जो द्वार बनाया गया था उसको तोड़ फोड़ किया गया है। अभी फुटेज की जांच की जा रही है। एक गार्ड हैं, उनको काफी चोट लगी है। अभी वो इलाजरत है। बयान दर्ज करके एफआईआर दर्ज की जा रही है। लोगों की पहचान की जाएगी और जो भी इसमें सम्मिलित हैं उन पर कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, इस मामले को कुछ लोग कोचिंग संस्थानों के बीच पुराने विवाद से भी जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी व्यक्ति या संस्थान का नाम लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।







