Report: A.K Chaudhary
कोसी-सीमांचल क्षेत्र के लाखों रेल यात्रियों की पुरानी मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्र के लोगों ने जोगबनी–सहरसा एक्सप्रेस (13213/14) का दानापुर तक विस्तार करने की मांग तेज कर दी है। इस मांग को लेकर सुपौल और अररिया जिले के रेल यात्री तथा रेल संघर्ष से जुड़े लोग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) के माध्यम से लगातार समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक, पूर्व मध्य रेल, रेल मंत्रालय सहित केंद्रीय रेल मंत्री से मांग कर रहे है।
यात्रियों का कहना है कि वर्तमान में कोसी-सीमांचल क्षेत्र से पटना के लिए उपलब्ध प्रमुख ट्रेनों का परिचालन दिन के समय होता है। इसके कारण छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, मरीजों एवं अन्य यात्रियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उनका मानना है कि जोगबनी–सहरसा एक्सप्रेस को एक अतिरिक्त रैक उपलब्ध कराकर दानापुर तक विस्तारित किया जाए तो क्षेत्र को पटना के लिए एक महत्वपूर्ण रात्रिकालीन रेल सेवा मिल सकती है।
रेल यात्रियों के अनुसार ट्रेन को जोगबनी से शाम के समय चलाकर फारबिसगंज, ललितग्राम, राघोपुर, सरायगढ़, सुपौल और सहरसा होते हुए दानापुर तक संचालित किया जा सकता है, जिससे यात्री सुबह पटना पहुंच सकेंगे। वहीं वापसी में ट्रेन दानापुर से रात्रि में प्रस्थान कर अगले दिन सुबह जोगबनी पहुंच सकती है। इससे दोनों दिशाओं में रात्रिकालीन रेल यात्रा की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
यात्रियों का कहना है कि इस विस्तार से न केवल सुपौल और अररिया जिले के लोगों को लाभ मिलेगा, बल्कि पूरे कोसी-सीमांचल क्षेत्र के लाखों यात्रियों को राजधानी पटना तक सुविधाजनक रेल संपर्क प्राप्त होगा। रात में यात्रा कर यात्री सुबह पटना पहुंच सकेंगे और अपना कार्य पूरा करने के बाद रात्रिकालीन ट्रेन से वापस लौट सकेंगे।
सोशल मीडिया पर चल रहे अभियान को क्षेत्र के लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। रेल यात्रियों ने रेल मंत्रालय से जनहित एवं यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए जोगबनी–सहरसा एक्सप्रेस (13213/14) का दानापुर तक शीघ्र विस्तार करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे कोसी-सीमांचल क्षेत्र की लंबे समय से लंबित रात्रिकालीन रेल सेवा की आवश्यकता काफी हद तक पूरी हो सकेगी।







