सुपौल में लूट का विरोध करने पर युवक को अपराधियों न मारी गोली, मोबाइल और बाइक छीनने की कोशिश, गंभीर हालत में सदर अस्पताल रेफर

सुपौल जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र में एनएच-27 स्थित बांस चौक के पास लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। घायल युवक अमित कुमार को गंभीर हालत में राघोपुर रेफरल अस्पताल से सुपौल सदर अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार रात लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। घायल युवक को गंभीर हालत में राघोपुर रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सुपौल सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9 बजे स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ अवस्था में एक युवक को राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में जांच के दौरान उसके शरीर के बाएं हिस्से में गोली लगने का निशान पाया गया। घायल युवक की पहचान अरड़रहा निर्मली वार्ड संख्या-15 निवासी रघुनंदन यादव के 28 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है।

घायल अमित कुमार ने बताया कि वह फिगलासं चकला से कुसहा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-27 स्थित बांस चौक के समीप तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने पहले उनका मोबाइल फोन छीन लिया और फिर उनकी बाइक लूटने का प्रयास करने लगे। जब अमित कुमार ने इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तुरंत राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालांकि गोली लगने के कारण उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी, इसलिए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया।

घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना की गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। वहीं अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

इस संबंध में प्रतापगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस गोलीबारी की घटना के बाद एनएच-27 और आसपास के क्षेत्रों में लोगों के बीच दहशत का माहौल है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]