Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र स्थित चिकनी वार्ड 8 में मंगलवार सुबह कोसी नदी में मजदूरों से भरी एक नाव पलट जाने से अफरा-तफरी मच गई। हादसा सुबह करीब 8:30 बजे उस समय हुआ, जब 20 से 25 मजदूर नाव पर सवार होकर नदी पार मूंग तोड़ने जा रहे थे। घटना के बाद कुछ समय के लिए लोगों में दहशत फैल गई और नदी किनारे भारी भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार नाव नदी के दूसरे किनारे के समीप पहुंच चुकी थी। इसी दौरान नाव पर सवार कुछ लोग उतरने की जल्दबाजी करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ लड़कियां नाव से छलांग लगाकर किनारे उतरने का प्रयास कर रही थीं। इसी क्रम में नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। नाव पलटते ही उसमें सवार मजदूर नदी में गिर गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान कुछ लोग नदी में डूब गए थे, लेकिन ग्रामीणों और आसपास मौजूद लोगों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद घायलों और अचेत लोगों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायगढ़ भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। अंचलाधिकारी धीरज कुमार, भपटियाही पुलिस तथा प्रखंड प्रमुख विजय यादव घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से नाव पर सवार लोगों की संख्या और हादसे के समय मौजूद यात्रियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
मीडिया को जानकारी देते हुए सीओ धीरज कुमार ने बताया कि नाव पर सवार लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे के समय नाव पर कितने लोग थे और कोई व्यक्ति लापता है या नहीं। उन्होंने बताया कि एहतियातन एनडीआरएफ टीम को भी सूचना दी जा रही है तथा पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।
हालांकि नाविक का दावा है कि हादसे के बाद सभी लोग सुरक्षित पानी से बाहर निकल आए हैं और किसी के लापता होने की सूचना नहीं है। फिर भी प्रशासन सभी बिंदुओं की पुष्टि में जुटा हुआ है।
वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायगढ़ के चिकित्सक डॉ. शाहनवाज आलम ने बताया कि नाव हादसे में घायल पांच लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सभी को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। रेफर होने वाले में नजीजी खातून, बीबी नूरजहां, बीबी शमीना, जूही परवीन, सुनीता देवी तथा राजो खातून शामिल है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। नदी में किसी के लापता होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन नाव पर सवार सभी लोगों का सत्यापन किया जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी की आशंका को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।







