सुपौल: पिपरा में वृद्धा की हत्या से सनसनी, घर का दरवाजा तोड़कर घुसे बदमाशों ने गला दबाकर की हत्या, जेवरात लेकर फरार

सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र के ठाढ़ी भवानीपुर गांव में अकेली रह रही विधवा चनिया देवी की अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर गला दबाकर हत्या कर दी। बदमाश गले, नाक और हाथ में पहने जेवरात लूटकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ठाढ़ी भवानीपुर गांव में शनिवार देर रात एक वृद्धा की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात बदमाशों ने घर का दरवाजा तोड़कर अकेली रह रही महिला की हत्या कर दी और उनके शरीर पर पहने जेवरात लेकर फरार हो गए।

मृतका की पहचान गांव निवासी स्वर्गीय चंदेश्वरी यादव की पत्नी चनिया देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि चनिया देवी विधवा थीं और उनकी कोई संतान नहीं थी। उनके पति की मृत्यु करीब 15 से 20 वर्ष पूर्व हो चुकी थी। इसके बाद वह अकेले रहकर बकरी पालन के माध्यम से अपना जीवनयापन कर रही थीं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ दिनों पूर्व उन्होंने अपने बकरे बेचे थे, जिससे उन्हें कुछ रुपये प्राप्त हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी रकम और जेवरात के लालच में बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। ग्रामीणों का कहना है कि देर रात बदमाश घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और रुपये व जेवरात लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपितों ने महिला की ही साड़ी से उनका गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद गले, नाक और हाथ में पहने जेवरात लेकर फरार हो गए।

घटना की जानकारी रविवार सुबह मिलने पर गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ते सूखा नशा करने वालों के आतंक पर चिंता जताते हुए कहा कि नशे की लत के कारण अपराध की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है और लोग चंद पैसों के लिए भी गंभीर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

सूचना मिलने पर पिपरा पुलिस मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]