Report: A.K Chaudhary
राष्ट्रीय जनता दल के आह्वान पर मंगलवार को सुपौल जिले के विभिन्न प्रखंड मुख्यालयों में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इसी क्रम में सुपौल सदर प्रखंड मुख्यालय के समक्ष राजद कार्यकर्ताओं और नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी, बिगड़ती कानून व्यवस्था तथा भ्रष्टाचार के विरोध में धरना देकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता पप्पू कुमार प्रवीण ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में राजद के जिला प्रभारी धनिकलाल मुखिया शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
धरने को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी धनिकलाल मुखिया ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है और विभिन्न विभागों में आम लोगों का शोषण किया जा रहा है।
धरना प्रभारी लव यादव ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। प्रदेश में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों का सरकार पर भरोसा कम होता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की मांगों को सुनने के बजाय उन पर लाठीचार्ज किया जा रहा है और शिक्षा व्यवस्था भी बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर राजद कार्यकर्ता जनता की आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इन समस्याओं के समाधान की दिशा में शीघ्र पहल नहीं की गई तो 17 जून को जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर पार्टी बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।
मौके पर कारी यादव, विद्याभूषण कुमार, योगेंद्र पांडे, सुरेंद्र कुमार श्यामल, इरफान बिहारी, दिनेश यादव, शिवनारायण यादव, नीतीश मुखिया, रवींद्र पांडे, मो. केशर, ललन यादव, हरि मंडल, विद्यानंद कुमार, पप्पू यादव, राजीव रंजन, हरिबोल कुमार, अजीत कुमार, जयकुमार, राजेश कुमार, सुनील यादव, मो. इरशाद अंसारी, मनोज कुमार, मुस्ताक अंसारी, विनोद कुमार, आजाद खान, कुंदन कुमार, संजय यादव, मदन कुमार, शशि मंडल, दिलीप कुमार, पुलकित पासवान, अरविंद कुमार मंडल, भीमसेन राय, अमित कुमार, नजीमुद्दीन, कुलदीप पासवान, दीपू मंडल, अनिल कुमार, संजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता मौजूद रहे।







