सुपौल: सरायगढ़ में कोसी नदी में नाव पलटी, सभी यात्री सुरक्षित, डीएम-एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

सुपौल के सरायगढ़-भपटियाही क्षेत्र में कोसी नदी के 36.40 स्पर के पास एक नाव पलट गई। सूचना मिलते ही प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। डीएम सावन कुमार और एसपी शरथ आर.एस. ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। घटना में सभी यात्री सुरक्षित हैं।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के सरायगढ़-भपटियाही अंचल क्षेत्र में मंगलवार सुबह कोसी नदी के निकट एक नाव पलटने की घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई और नाव पर सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार, सरायगढ़-भपटियाही अंचल अंतर्गत 36.40 स्पर के निकट सुबह करीब 8:45 बजे एक नाव के पलटने की सूचना जिला प्रशासन को मिली। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। स्थानीय प्रशासन, आपदा प्रबंधन टीम तथा अन्य संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई की।

घटनास्थल का निरीक्षण करते डीएम व एसपी

घटना की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मौके पर जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि नावों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा स्थानीय थाना के सहयोग से नाव परिचालन और सुरक्षा मानकों की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने संवेदनशील और जोखिम वाले घाटों पर आपदा मित्रों की निरंतर तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक सुरक्षा उपायों का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश देते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही नाव संचालकों और आम लोगों से भी सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई।

जिला प्रशासन के अनुसार नाव पलटने की इस घटना में सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है। प्रशासन द्वारा पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Comment

[democracy id="1"]