News Desk Begusarai:
बिहार के बेगूसराय जिले से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में एनएच-31 पर हुए भीषण सड़क दुर्घटना में मधेपुरा पुलिस के तीन थानाध्यक्ष (SHO) और एक चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, मधेपुरा जिले के विभिन्न थानों में पदस्थापित पुलिस अधिकारी पटना में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर देर रात एक ही वाहन से मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा गांव के समीप एनएच-31 पर उनकी तेज रफ्तार कार आगे चल रहे एक ट्रक से पीछे से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची।
इस दर्दनाक हादसे में उदाकिशुनगंज अनुमंडल के रतवारा थाना अध्यक्ष सजन कुमार, अरार थाना अध्यक्ष अमरेंद्र ज्ञानेंद्र तथा मधेपुरा अनुमंडल के बेलारी थाना अध्यक्ष नीरज कुमार की मौत हो गई। वहीं वाहन चालक की भी जान चली गई।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय दो थानाध्यक्ष और चालक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल रतवारा थाना अध्यक्ष सजन कुमार को स्थानीय लोगों की मदद से बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनीष कुमार, सदर डीएसपी आनंद पांडेय समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बेगूसराय एसपी मनीष कुमार ने बताया कि हादसा देर रात करीब 12:30 बजे हुआ। वाहन पटना से मधेपुरा की ओर जा रहा था। दुर्घटना में चार लोगों की मौत हुई है, जिनमें मधेपुरा पुलिस के तीन कार्यरत थानाध्यक्ष और वाहन चालक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ट्रक से टक्कर कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।
इस हादसे की खबर मिलते ही मधेपुरा पुलिस विभाग सहित पूरे बिहार पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मी अधिकारियों और कर्मचारियों ने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। यह हादसा बिहार पुलिस के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।







