Report: A.K Chaudhary
केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में चलाए जा रहे “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” जनसंपर्क अभियान के तहत सुपौल जिले के सिमराही नगर में व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह निर्मली विधानसभा कार्यक्रम प्रमुख सचिन माधोगरिया के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान नगर के प्रबुद्ध नागरिकों से संपर्क स्थापित कर उन्हें अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों से संबंधित पत्रक वितरित किए गए।

अभियान के क्रम में प्रतिनिधिमंडल ने नगर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बुद्धिजीवियों से मुलाकात कर केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित कार्यों की जानकारी साझा की। इस दौरान डॉ. अजय झा, डॉ. उमेश, डॉ. भरत चौधरी, डॉ. अभिजीत, संत अमरजीत तथा अधिवक्ता रामचंद्र चौधरी सहित अन्य प्रबुद्ध नागरिकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकासात्मक कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही देश के समग्र विकास, सामाजिक उत्थान और जनकल्याण के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए गए प्रयासों पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह निर्मली विधानसभा कार्यक्रम प्रमुख सचिन माधोगरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी एवं यशस्वी नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने सुशासन, पारदर्शिता, गरीब कल्याण और जनसेवा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जनधन योजना तथा मुफ्त राशन योजना जैसी योजनाओं ने करोड़ों गरीब एवं वंचित परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। इन योजनाओं ने लोगों को सम्मानजनक जीवन, आर्थिक सुरक्षा तथा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में “विकसित भारत” और “आत्मनिर्भर भारत” का संकल्प नई ऊर्जा और गति के साथ आगे बढ़ रहा है। देश आज विश्व पटल पर नई पहचान स्थापित कर रहा है तथा हर क्षेत्र में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों के साथ विभिन्न समसामयिक एवं सामाजिक विषयों पर संवाद भी किया गया। उपस्थित लोगों ने राष्ट्र निर्माण और समाज के सर्वांगीण विकास में अपनी सक्रिय सहभागिता का संकल्प दोहराया।
इस जनसंपर्क अभियान में नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता एवं नगर महामंत्री प्रशांत वर्मा सहित कई कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







