Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत सिमराही में गुरुवार को शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल के तहत न्यू परफेक्ट इंग्लिश एकेडमी एवं लर्निंग विंग्स स्कूल का विधिवत शुभारंभ किया गया। विद्यालय के उद्घाटन अवसर पर दिन में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई, जबकि संध्या समय भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मो शहिद, वार्ड पार्षद चंदू दास, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि प्रमोद साह, मो अकरम एवं विद्यालय के डायरेक्टर अमित कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने देशभक्ति गीत, स्वागत नृत्य, समूह नृत्य एवं प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के आत्मविश्वास और उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखकर उपस्थित अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का माहौल उत्साह, उमंग और आनंद से सराबोर रहा।

इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर अमित कुमार ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का माध्यम बननी चाहिए। उन्होंने बताया कि वह पिछले दस वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहे हैं और इसी अनुभव के आधार पर इस नए संस्थान की स्थापना की गई है।

उन्होंने कहा, “मेरे लिए यह विद्यालय सिर्फ एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि एक सपना और संकल्प है। पिछले दस वर्षों में शिक्षा जगत में कार्य करते हुए मैंने बच्चों, अभिभावकों और समाज की जरूरतों को बहुत करीब से समझा है। उसी अनुभव को आधार बनाकर हमने न्यू परफेक्ट इंग्लिश एकेडमी और लर्निंग विंग्स स्कूल की शुरुआत की है। हमारा उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें।”

उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में शिक्षा का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और बच्चों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है। उन्हें तकनीकी ज्ञान, नैतिक मूल्यों, रचनात्मक गतिविधियों और व्यक्तित्व विकास के अवसर भी उपलब्ध कराना आवश्यक है। इसी सोच के साथ विद्यालय में आधुनिक शिक्षण पद्धति को अपनाया जाएगा।

अमित कुमार ने बताया कि विद्यालय ने “लर्निंग विंग्स” नामक प्री-स्कूल फ्रेंचाइजी से जुड़कर प्रारंभिक शिक्षा को और अधिक प्रभावी एवं आकर्षक बनाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा, “हमारी कोशिश है कि छोटे बच्चों को खेल-खेल में सीखने का वातावरण मिले, जिससे उनकी बौद्धिक, मानसिक और सामाजिक क्षमता का बेहतर विकास हो सके। आने वाले समय में इस विद्यालय को क्षेत्र के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में शामिल करना हमारा लक्ष्य है। हम शिक्षा की गुणवत्ता से कभी समझौता नहीं करेंगे और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।”
उन्होंने अभिभावकों से भी विद्यालय के विकास में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि बच्चों की सफलता में विद्यालय और अभिभावकों की साझेदारी बेहद महत्वपूर्ण होती है। यदि दोनों मिलकर बच्चों के भविष्य के लिए कार्य करें तो बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में लर्निंग विंग्स की प्रशासिका अनुष्का सिंह, शिक्षिका स्वाति कुमारी, ज्योति कुमारी, सरस्वती भंडारी, शिक्षक किशोर कुमार क्रांति एवं आनंद कुमार सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।







