सुपौल: एनएच-106 पर दिनदहाड़े 6 लाख की लूट, बंधन बैंक कर्मियों को हथियार के बल पर बनाया निशाना

सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र में एनएच-106 पर परसरमा स्थित नर्दग पुल के समीप हथियारबंद बदमाशों ने बंधन बैंक कर्मियों से दिनदहाड़े 6 लाख रुपये लूट लिए। घटना के बाद एसपी समेत पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई लूट की एक बड़ी घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। एनएच-106 पर परसरमा गांव स्थित नर्दग पुल के समीप हथियारबंद अपराधियों ने बंधन बैंक के कर्मियों से करीब छह लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया तथा जिले के वरीय अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।

जानकारी के अनुसार बंधन बैंक की बसंतपुर मुख्य शाखा से बैंक मैनेजर एवं अन्य कर्मी एक वाहन से बैंक का करीब छह लाख रुपये लेकर निर्धारित कार्य के लिए जा रहे थे। इसी दौरान परसरमा गांव के समीप नर्दग पुल के पास पहले से घात लगाए अपाची मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधियों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। दोनों बदमाशों ने वाहन को आगे से घेरकर बैंक कर्मियों को अचानक अपने कब्जे में ले लिया।

बताया जाता है कि अपराधियों के हाथ में हथियार था। उन्होंने चालक अमित को हथियार का भय दिखाकर वाहन से नीचे उतरने को मजबूर कर दिया। इसके बाद बैंक मैनेजर को भी धमकाते हुए रुपये से भरा बैग छीन लिया। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही दोनों अपराधी रुपये लेकर फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों अपराधियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर मास्क लगा रखा था। इस कारण उनकी स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी। हालांकि पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ संभावित मार्गों की जांच कर रही है, ताकि अपराधियों की पहचान सुनिश्चित की जा सके।

घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। इसके बाद वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार एवं सुपौल पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने भी मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बैंक कर्मियों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली तथा पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस आसपास के इलाकों में सघन छापेमारी अभियान चला रही है। विभिन्न थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट कर दिया गया है। घटना के बाद बैंक कर्मियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]