Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज प्रखंड अंतर्गत पंचायत सरकार भवन, हरिहर पट्टी में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण जिलाधिकारी सावन कुमार ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सरकारी सेवाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने अग्निकांड से प्रभावित तीन लाभुकों के बीच राहत सहायता राशि के चेक वितरित किए। उन्होंने पीड़ित परिवारों से बातचीत कर उनकी स्थिति की जानकारी ली तथा प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सहयोग शिविर में ग्रामीणों को जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं से संबंधित आवेदन भी शिविर में जमा किए।
जिलाधिकारी ने शिविर में प्राप्त विभिन्न आवेदनों एवं शिकायतों का स्वयं अवलोकन किया और उपस्थित ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का त्वरित एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके और उन्हें अनावश्यक कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। सहयोग शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को राहत मिल सके।
इस अवसर पर विधायक सोनम रानी, एसपी शरथ आर. एस. सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।







