Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के नदी थाना क्षेत्र स्थित ललमनियां गांव में गुरुवार सुबह बिजली के करंट से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक की पहचान ललमनियां गांव वार्ड संख्या 13 निवासी शिव नारायण मंडल के 23 वर्षीय पुत्र अनिल कुमार मंडल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह घर से बाहर निकलने के दौरान वह रास्ते में बिजली के पोल से टूटकर गिरे विद्युत तार के संपर्क में आ गए। तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिजन तत्काल उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्थानीय मुखिया अनिल आनंद ने बताया कि बिजली का तार पोल से टूटकर जमीन पर गिरा हुआ था, जिसकी चपेट में आने से यह दर्दनाक हादसा हुआ। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक अपने पीछे पत्नी काजल कुमारी और छह महीने के मासूम बेटे को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर नदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। थानाध्यक्ष सुमित भारती ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।







