Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड के गणपतगंज बाजार में NH-131 के किनारे जमा कचरे का ढेर स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। बाजार से निकलने वाले कचरे को सड़क किनारे ही फेंक दिया जाता है, जिससे पूरे इलाके में दिनभर दुर्गंध फैली रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ दुकानदार अपने प्रतिष्ठान का सड़ा-गला फल, सब्जियां और अन्य खराब सामान भी सड़क किनारे फेंक देते हैं। इसके अलावा कई दुकानदार मंदिर जाने वाले मार्ग पर ही प्रतिदिन गंदा पानी बहा देते हैं। इससे सड़क पर कीचड़ और बदबू बनी रहती है, जिससे श्रद्धालुओं और आम लोगों को काफी परेशानी होती है।

कुछ ही दिनों में सावन माह शुरू होने वाला है। इस दौरान प्रसिद्ध बाबा भीमशंकर मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है। ऐसे में मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग और एनएच-131 के किनारे फैली गंदगी तथा दुर्गंध श्रद्धालुओं के लिए बड़ी परेशानी बन सकती है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल के आसपास इस तरह की गंदगी क्षेत्र की छवि भी खराब करती है।
बीमारी फैलने की आशंका
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क किनारे सड़ते कचरे से लगातार दुर्गंध उठती रहती है। बरसात होने पर यह स्थिति और गंभीर हो जाती है। गंदगी के कारण मक्खी-मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
स्थानीय लोगों ने की कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्र में नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सड़क किनारे कचरा फेंकने वालों और मंदिर मार्ग पर गंदा पानी बहाने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही बाजार में कूड़ादान की व्यवस्था कर नियमित कचरा उठाव कराया जाए, ताकि बाजार स्वच्छ रहे और श्रद्धालुओं व आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सावन शुरू होने से पहले सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो लाखों श्रद्धालुओं और राहगीरों को भारी असुविधा झेलनी पड़ सकती है।
इस मामले में राघोपुर अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया ने कहा कि एनएच-131 किनारे फैली गंदगी और दुर्गंध वाले स्थान के साथ-साथ बाबा भीमशंकर मंदिर जाने वाले मार्ग पर दुकानदारों द्वारा गंदा पानी बहाए जाने को लेकर स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।







