Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नवनिर्मित मॉडल थाना भवन पूरी तरह बनकर तैयार हो चुका है। भवन का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब इसका औपचारिक उद्घाटन का इंतिजार है। जिसको लेकर पुलिसकर्मियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी नए भवन के शुरू होने का इंतजार है।
नया थाना भवन आधुनिक सुविधाओं को ध्यान में रखकर बनाया गया है। भवन में पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के लिए अलग-अलग कार्यालय कक्ष, अभिलेख कक्ष, बैठक कक्ष, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सुरक्षा की दृष्टि से भी भवन को आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है।

वर्तमान में राघोपुर थाना पुराने भवन से संचालित हो रहा है। नए भवन के चालू होने के बाद पुलिस कार्यों के संचालन में सुविधा होगी और आम लोगों को भी बेहतर माहौल में अपनी शिकायतें दर्ज कराने एवं पुलिस सेवाओं का लाभ मिलेगा।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि उद्घाटन के बाद पुलिस प्रशासन नए भवन में स्थानांतरित होकर कार्य शुरू करेगा, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्य और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित हो सकेंगे।







