सावन की पहली सोमवारी से पहले बाबा भीमशंकर मंदिर पहुंचे डीएम-एसपी, तैयारियों का लिया जायजा, श्रद्धालुओं से प्रशासन का सहयोग करने की अपील

सावन की पहली सोमवारी से पहले सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस. ने धरहारा स्थित प्रसिद्ध बाबा भीमशंकर मंदिर का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश-निकास मार्ग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा श्रद्धालुओं से प्रशासन की नई व्यवस्था का पालन करने की अपील की।
oplus_2097152

Report: A.K. Chaudhary

सावन की पहली सोमवारी को लेकर सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड के धरहारा स्थित प्रसिद्ध बाबा भीमशंकर मंदिर में जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। रविवार को जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस. ने मंदिर परिसर का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर के चारों ओर घूम-घूमकर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम एवं एसपी ने मंदिर परिसर में की गई नई व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सावन की पहली सोमवारी के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय एवं सुचारू रूप से संचालित होनी चाहिए।

मीडिया से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि श्रावणी महोत्सव शुरू हो चुका है और सोमवार को सावन की पहली सोमवारी है। ऐसे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बाबा भीमशंकर मंदिर पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की गई हैं। प्रशासन का उद्देश्य यही है कि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा पूरी व्यवस्था शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो। उन्होंने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए नई व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत मंदिर परिसर में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग गेट बनाए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम हो सके और भीड़ का दबाव कम किया जा सके।

जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा बनाई गई नई व्यवस्था एवं निर्धारित नियमों का पालन करें। सभी श्रद्धालु निर्धारित प्रवेश एवं निकास मार्ग का उपयोग करें और प्रशासन तथा मंदिर न्यास समिति का सहयोग करें, ताकि सभी लोग सुरक्षित एवं सुगमता के साथ बाबा भीमशंकर का जलाभिषेक कर सकें।

निरीक्षण के दौरान वीरपुर एसडीएम सह मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष विनय कुमार, डीएसपी सुरेंद्र कुमार, इंस्पेक्टर राजेश चौधरी, राघोपुर अंचलाधिकारी सह मंदिर न्यास समिति की उपाध्यक्ष रश्मि प्रिया, बीडीओ सत्येंद्र कुमार, राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सावन की पहली सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन और मंदिर न्यास समिति ने सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। सुरक्षा, ट्रैफिक, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि बाबा भीमशंकर धाम में जलाभिषेक के दौरान व्यवस्था पूरी तरह सुचारू बनी रहे।

Leave a Comment

[democracy id="1"]