सुपौल: राघोपुर में सोलर मेला सह सोलर लोन मेला का भव्य आयोजन, डीएम और एसपी ने किया उद्घाटन, सौर ऊर्जा अपनाने के लिए लोगों को किया जागरूक

राघोपुर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल कार्यालय परिसर में सोलर मेला सह सोलर लोन मेला का आयोजन किया गया। डीएम सावन कुमार और एसपी शरथ आर. एस. ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। विभिन्न कंपनियों और बैंकों ने स्टॉल लगाकर सोलर पैनल, सोलर लाइट, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना और सोलर लोन की जानकारी दी।
oplus_0

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, राघोपुर कार्यालय परिसर में शनिवार को सोलर मेला सह सोलर लोन मेला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना तथा सोलर लाइट एवं सोलर सिस्टम लगाने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करना रहा। साथ ही मेले के माध्यम से सोलर संयंत्र लगाने के इच्छुक लोगों को सोलर लोन की सुविधा और उससे जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।

डीएम का स्वागत करते मुख्य अभियंता

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सुपौल जिला पदाधिकारी सावन कुमार एवं विशिष्ट अतिथि सुपौल पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस. ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में मुख्य अभियंता परियोजना शहरी मनोज कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता राघोपुर धनंजय कुमार सिंह एवं विद्युत कार्यपालक अभियंता सुपौल आलोक कुमार रंजन सहित विद्युत विभाग के जेई, अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

दीप प्रज्वलित करते डीएम, एसपी व अन्य

मिथिला परंपरा के अनुसार अतिथियों का हुआ स्वागत

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुई। विद्युत कार्यपालक अभियंता की ओर से मंचासीन अतिथियों को मिथिला की पारंपरिक संस्कृति के अनुसार पाग, अंगवस्त्र एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। अतिथियों के सम्मान के दौरान कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में डीएम एवं एसपी ने सोलर लगाने वाले कई लोगों को सम्मानित भी किये।

डीएम को सम्मानित करते कार्यपालक विद्युत अभियंता

कार्यक्रम में सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता को लेकर विभाग द्वारा विभिन्न कंपनियों के स्टॉल लगाए गए थे। उद्घाटन से पूर्व डीएम सावन कुमार एवं एसपी शरथ आर. एस. ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉल का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने कंपनियों के प्रतिनिधियों से सोलर पैनल, सोलर लाइट, सोलर सिस्टम एवं अन्य सौर ऊर्जा उपकरणों से संबंधित जानकारी ली तथा आम लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

एसपी को सम्मानित करते विद्युत कार्यपालक अभियंता

मैथिली में डीएम सावन कुमार ने किया संबोधित

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम सावन कुमार ने उपस्थित लोगों को मैथिली भाषा में संबोधित किया। डीएम के मैथिली में संबोधन से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। डीएम के संबोधन के दौरान लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।

डीएम सावन कुमार मैथिली में संबोधित करैत कहलनि कि सौर ऊर्जा के बढ़ावा देबाक लेल सरकार द्वारा बहुत रास योजना चलाओल जा रहल अछि। राघोपुर में सोलर मेला आयोजित करबाक मुख्य उद्देश्य लोकनि के सौर ऊर्जा आ प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के संबंध में जानकारी देनाइ अछि। लोकनि अपन-अपन घर में सोलर लाइट आ सोलर सिस्टम लगाउ। ओ कहलनि कि जँ कार्यक्रम में उपस्थित सभ लोक अपन-अपन सोशल मीडिया हैंडल सँ सोलर मेला के संबंध में जानकारी साझा करताह, तऽ एकर प्रचार-प्रसार बेसी लोक धरि स्वतः पहुँचत। जनप्रतिनिधि सभ सेहो एहि अभियान सँ जुड़थि, कारण जनप्रतिनिधि के सहभागिता के बिना एहि कार्यक्रम के पूर्ण रूप सँ सफल बनायब कठिन अछि।

मंच पर उपस्थित डीएम, एसपी व अन्य

डीएम ने कहा कि सौर ऊर्जा आज के समय की महत्वपूर्ण जरूरत है। सरकार द्वारा लोगों को सौर ऊर्जा से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से आम लोगों को अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगाकर बिजली उत्पादन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे लोगों को बिजली की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी और बिजली के खर्च को भी कम किया जा सकता है।

जनप्रतिनिधियों की भागीदारी को बताया जरूरी

डीएम सावन कुमार ने कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों से भी सौर ऊर्जा अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी योजना को सफल बनाने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होती है। जब तक जनप्रतिनिधि इस अभियान से नहीं जुड़ेंगे, तब तक कार्यक्रम को अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकती है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, सोलर सिस्टम एवं सोलर लाइट के फायदे के बारे में जानकारी देने तथा अधिक से अधिक लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

डीएम को मिथिला पेंटिंग भेंट करते कार्यपालक अभियंता

मीडिया से बातचीत में डीएम ने बताया मेले का उद्देश्य

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए डीएम सावन कुमार ने कहा कि आज राघोपुर में सोलर मेला का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि इस मेले के माध्यम से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योजना के बारे में जानकारी देना और उन्हें सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करना है। डीएम ने लोगों से अपने घरों में सोलर लाइट एवं सोलर सिस्टम लगाने की अपील करते हुए कहा कि सौर ऊर्जा पर्यावरण के लिए भी बेहतर विकल्प है। लोगों को पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों के साथ-साथ वैकल्पिक एवं स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि सोलर ऊर्जा को अपनाने से न केवल बिजली की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी, बल्कि भविष्य में ऊर्जा संरक्षण की दिशा में भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

एसपी शरथ आर.एस. ने भी की सोलर लाइट लगाने की अपील

विशिष्ट अतिथि एसपी शरथ आर. एस. ने भी लोगों को सौर ऊर्जा के उपयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने लोगों से अपने घरों एवं आवश्यकता के अनुसार सोलर लाइट लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोलर लाइट ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोत के रूप में उपयोगी है और इसे अपनाकर लोग बिजली की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे सकते हैं। एसपी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोग इनके बारे में सही जानकारी प्राप्त करें और उपलब्ध सुविधाओं का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा का अधिक से अधिक उपयोग समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी लाभकारी होगा।

सोलर लोन की सुविधा की भी दी गई जानकारी

सोलर मेला सह सोलर लोन मेला में लोगों के लिए सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के साथ-साथ सोलर लोन से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। ऐसे लोग जो अपने घर पर सोलर सिस्टम लगाना चाहते हैं, लेकिन इसके लिए एकमुश्त राशि की व्यवस्था नहीं कर पा रहे हैं, उन्हें ऋण सुविधा एवं उससे संबंधित प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।

मेले में लोगों को सोलर सिस्टम की लागत, उपलब्ध विकल्प, ऋण प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और सौर ऊर्जा से जुड़ी योजनाओं के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। इससे आम उपभोक्ताओं के लिए सौर ऊर्जा को अपनाने की प्रक्रिया को समझना आसान हुआ।

सोलर लगाने वाले लोगो को सम्मानित करते डीएम

विभिन्न कंपनियों ने लगाए स्टॉल

सोलर मेले में विभिन्न कंपनियों की ओर से स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों पर सोलर पैनल, सोलर लाइट एवं सौर ऊर्जा से संबंधित उपकरणों को प्रदर्शित किया गया। लोगों ने विभिन्न स्टॉल पर पहुंचकर सोलर उपकरणों की जानकारी ली तथा उनके उपयोग और सुविधाओं के बारे में कंपनियों के प्रतिनिधियों से जानकारी प्राप्त की।

सोलर लाइट स्टॉल का निरीक्षण करते डीएम एवं एसपी

विभिन्न बैंकों ने लगाए स्टॉल, सोलर लोन की दी जानकारी

सोलर मेला सह सोलर लोन मेला में विभिन्न बैंकों की ओर से भी अलग-अलग स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉल के माध्यम से लोगों को सोलर सिस्टम लगाने के लिए मिलने वाले बैंक लोन की जानकारी दी गई। बैंक कर्मियों ने लोगों को लोन लेने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन करने के तरीके और ऋण से जुड़ी अन्य जानकारी के बारे में बताया।

सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल

राघोपुर में आयोजित यह सोलर मेला क्षेत्र में सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि भविष्य में ऊर्जा की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए सौर ऊर्जा को अपनाना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोग

कार्यक्रम में अधिकारियों ने लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने, सोलर सिस्टम एवं सोलर लाइट के उपयोग को बढ़ावा देने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने की अपील की।

सोलर मेला सह सोलर लोन मेला के माध्यम से एक ही स्थान पर लोगों को सौर ऊर्जा, सोलर लाइट, सोलर पैनल, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और सोलर लोन से जुड़ी जानकारी मिलने से लोगों में उत्साह देखने को मिला। विभाग का प्रयास है कि सौर ऊर्जा का लाभ अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचे और लोग स्वच्छ एवं वैकल्पिक ऊर्जा के उपयोग की दिशा में आगे बढ़ें।

कार्यक्रम में उपस्थित लोग

कार्यक्रम के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों ने मेले को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने यह संकेत दिया कि क्षेत्र में भी अब लोग सौर ऊर्जा के महत्व को समझने लगे हैं और इसे अपनाने को लेकर रुचि दिखा रहे हैं।

Leave a Comment

[democracy id="1"]