Report: A.K. Chaudhary
सुपौल में सावन की दूसरी सोमवारी के दिन कोसी नदी में स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। नदी थाना क्षेत्र के घोघरडीहा घाट स्थित शिवालय में जलाभिषेक करने पहुंचे 15 वर्षीय किशोर के नदी में डूबने के बाद लापता होने की सूचना है।
लापता किशोर की पहचान कमरैल पंचायत के सिरखरिया गांव, वार्ड संख्या-06 निवासी छोटेलाल मुखिया के पुत्र सुशील मुखिया के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सुशील जलाभिषेक करने से पहले कोसी नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने के बाद लापता हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में किशोर की तलाश शुरू की गई, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। घटना के बाद घाट पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं, किशोर के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन और स्थानीय लोग लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।







