सुपौल के गांधी मैदान में DM सावन कुमार ने किया झंडोतोलन, शान से फहराया तिरंगा

Report: A.K. Chaudhary

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुपौल जिला मुख्यालय स्थित गांधी मैदान में शनिवार को मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया गया। मुख्य समारोह स्थल पर जिलाधिकारी सावन कुमार ने झंडोतोलन कर शान से तिरंगा फहराया। तिरंगा फहराते ही पूरा गांधी मैदान राष्ट्रभक्ति के भाव से गूंज उठा।

समारोह को लेकर गांधी मैदान में व्यापक तैयारियां की गई थीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक शरथ आर. सहित जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

झंडोतोलन के बाद जिलाधिकारी सावन कुमार ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से चलाए जा रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जिले के आम लोगों तक पहुंच रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंचे तथा जिले में विकास की गति लगातार बनी रहे।

समारोह के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। अपने-अपने क्षेत्र में बेहतर कार्य कर सुपौल जिले का नाम रोशन करने वाले प्रतिभावान एवं उत्कृष्ट लोगों को सम्मान मिलने पर उपस्थित लोगों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।

मुख्य समारोह के दौरान गांधी मैदान में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की भव्यता को और बढ़ा दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय भावना और उत्साह का माहौल बना रहा।

Leave a Comment

[democracy id="1"]