सुपौल: राघोपुर में स्वतंत्रता दिवस पर 31 लाभुकों को वितरित किया गया पर्चा

Report: A.K. Chaudhary

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुपौल जिले के राघोपुर अंचल की ओर से भूमिहीन एवं अन्य पात्र लाभुकों के बीच कुल 31 पर्चों का वितरण किया गया। इसमें 12 बासगीत पर्चा (BP) तथा 19 अन्य बंदोबस्ती पर्चा शामिल हैं। इस तरह स्वतंत्रता दिवस के दिन कुल 31 लाभुकों को भूमि संबंधी अधिकार प्रदान किया गया।

पर्चा वितरण कार्यक्रम के दौरान अंचल क्षेत्र के विभिन्न मौजों के लाभुकों को इसका लाभ दिया गया। इनमें करजाईन, बसावनपट्टी, चम्पानगर, बरमोतरा, अड़राहा, विशनपुर दौलत, रामविशनपुर, दहगामा, बायसी एवं हरिराहा मौजा शामिल हैं।

जानकारी देते हुए अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता पात्र एवं भूमिहीन परिवारों को उनका अधिकार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा, “स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 31 लाभुकों के बीच पर्चा का वितरण किया गया है। इसमें 12 बासगीत और 19 अन्य बंदोबस्ती पर्चा शामिल हैं। अंचल क्षेत्र में पात्र लाभुकों को नियमानुसार भूमि संबंधी अधिकार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया लगातार जारी है।”

उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र लाभुक सरकारी योजनाओं एवं भूमि संबंधी अधिकारों से वंचित न रहें। इसके लिए अंचल स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए लाभुकों को पर्चा उपलब्ध कराया जा रहा है।

मौके पर बीडीओ सत्येंद्र कुमार एवं आरओ आकांक्षा कुमारी उपस्थित रहे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पर्चा मिलने से लाभुकों में भी खुशी का माहौल देखने को मिला।

Leave a Comment

[democracy id="1"]