
Report: A.K. Choudhary
सुपौल में भाजयुमो आक्रोश मार्च: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के पूरे संस्करण के गायन के दौरान उसे बीच में रोकने का संकेत दिए जाने के कथित आरोप को लेकर सुपौल में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। भाजयुमो जिला अध्यक्ष जयंत मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गांधी मैदान स्थित दुर्गा मंदिर परिसर से आक्रोश मार्च निकाला। मार्च में शामिल कार्यकर्ता कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां सोनिया गांधी और राहुल गांधी का पुतला दहन कर अपना विरोध जताया।


प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के प्रति कथित तौर पर असम्मानजनक रवैया अपनाया है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ भारत के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ा ऐसा राष्ट्रगीत है, जिसने देशवासियों में मातृभूमि के प्रति प्रेम, साहस, एकता और राष्ट्रसमर्पण की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

भाजपा नेता डॉ. विजय शंकर चौधरी ने आरोप लगाया कि तुष्टीकरण की राजनीति के कारण कांग्रेस नेतृत्व राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान प्रदर्शित करने में असहज रहता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय भावना से जुड़े प्रतीकों और गीतों का सम्मान सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से इस मामले में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

वहीं भाजयुमो जिलाध्यक्ष जयंत मिश्रा ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता चेतना और राष्ट्रभक्ति का अमर उद्घोष है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान इस गीत ने देशवासियों में मातृभूमि के लिए संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि ऐसे राष्ट्रगीत के प्रति किसी भी प्रकार का कथित असम्मान देशवासियों की भावनाओं को आहत करने वाला है।

जयंत मिश्रा ने कांग्रेस नेतृत्व से देश की जनता और स्वतंत्रता सेनानियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि राष्ट्रगीत के अपमान के संबंध में किसी प्रकार का कानून उल्लंघन हुआ है तो पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश के राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को राजनीतिक विवाद से ऊपर रखा जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगीत और देशभक्ति से जुड़े नारों के माध्यम से अपनी नाराजगी जाहिर की। इसके बाद कांग्रेस कार्यालय के समीप पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन समाप्त किया गया।
आक्रोश मार्च एवं विरोध प्रदर्शन में भाजपा जिला उपाध्यक्ष सरोज झा, जिला प्रवक्ता रणधीर ठाकुर, मनोज पाठक, सुरेंद्र नारायण पाठक, सुरेश सुमन, प्रकाश झा, सरिता मिश्रा, बीमलेंदु ठाकुर, राजधर यादव, रूबी जायसवाल, दिनेश राम, सुनील मंडल, हिमांशु शेखर पाठक, प्रेम कुमार, राजेश मलिक, हिमांशु पाठक, प्रिंस कुमार, मनीष सौरभ, मोहम्मद जहीर, राजीव ठाकुर, राजेश कुमार साह, जयबीर यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं भाजयुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।







