
Report: Amresh Kumar
सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लिटियाही में गुरुवार की सुबह रेलवे पटरी किनारे एक किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान लिटियाही निवासी ब्रह्मदेव यादव के 14 वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

बताया जा रहा है कि मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की नजर रेलवे पटरी के समीप पड़े किशोर के शव पर पड़ी। इसके बाद घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान सत्यम कुमार के रूप में की। परिजनों के अनुसार सत्यम बुधवार दोपहर से ही घर से लापता था। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला था।
परिजनों ने बताया कि बुधवार को लिटियाही स्थित सरकारी स्कूल में खेलने के दौरान सत्यम ने मधुमक्खी के छत्ते में पत्थर मार दिया था। इसके बाद मधुमक्खियों ने हमला कर दिया, जिसमें एक छात्र के घायल होने की बात कही जा रही है। परिजनों का कहना है कि इस घटना के बाद सत्यम डर गया और स्कूल से निकलने के बाद घर नहीं लौटा।
गुरुवार की सुबह रेलवे पटरी किनारे सत्यम का शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने आशंका जताई है कि किशोर की हत्या कर शव को रेलवे पटरी किनारे लाकर रखा गया है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह क्या है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
इधर, स्कूल के प्रधानाध्यापक ने बताया कि सत्यम कुमार कई दिनों से स्कूल भी नहीं आ रहा था। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि किशोर का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।








