
Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित ई-किसान भवन के सभा भवन में मंगलवार को प्रखंड उर्वरक निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख फिदा हुसैन ने की। बैठक में प्रखंड क्षेत्र में उर्वरक की उपलब्धता, बिक्री व्यवस्था, निर्धारित मूल्य तथा किसानों को खाद उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी संजीव तांती, बिजली विभाग अनुमंडल पदाधिकारी कामदेव मोदक, प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी मयंक आर्यन, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी सुनील कुमार देव, किसानश्री सत्यनारायण सहनोगिया, प्रखंड कृषि समन्वयक वीरेंद्र कुमार, विनोद कुमार, नवल किशोर वर्मा, सुनील कुमार सहित प्रखंड के सभी थोक एवं खुदरा उर्वरक विक्रेता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान अनुमंडल कृषि पदाधिकारी संजीव तांती ने उर्वरक विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसानों को निर्धारित एवं उचित मूल्य पर ही उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद की खरीदारी में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उर्वरक की बिक्री में पारदर्शिता बनाए रखने तथा निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विक्रेताओं से उर्वरक की उपलब्धता एवं बिक्री का सही रिकॉर्ड रखने को भी कहा।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित दर पर समय पर उर्वरक उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने उर्वरक विक्रेताओं से किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए पूरी पारदर्शिता के साथ खाद की बिक्री करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद के लिए अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए और किसी भी तरह की कालाबाजारी या निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा।
वहीं प्रखंड कृषि पदाधिकारी मयंक आर्यन ने कहा कि प्रखंड क्षेत्र में उर्वरक की बिक्री एवं उपलब्धता पर कृषि विभाग लगातार नजर रख रहा है। सभी थोक एवं खुदरा विक्रेताओं को निर्धारित मूल्य पर ही उर्वरक बेचने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि खाद खरीदते समय निर्धारित मूल्य पर ही उर्वरक लें और किसी प्रकार की अनियमितता होने पर संबंधित कृषि पदाधिकारी को इसकी सूचना दें।
वही बैठक में बिजली विभाग अनुमंडल पदाधिकारी कामदेव मोदक ने सभी उर्वरक विक्रेताओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों में सोलर लाइट जरूर लगाएं। सौर ऊर्जा के उपयोग से बिजली की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोग सौर ऊर्जा को अपनाएं, ताकि बिजली पर निर्भरता कम हो और स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिल सके।
बैठक में अधिकारियों ने उर्वरक विक्रेताओं को किसानों को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने तथा बिक्री व्यवस्था में किसी प्रकार की अनियमितता नहीं बरतने की हिदायत दी। साथ ही किसानों के हित में उर्वरक वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया गया।






