सुपौल: करजाईन में बस की टक्कर से युवक की मौत, बस जब्त, चालक फरार

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के करजाइन थाना क्षेत्र के सतपोखरिया के समीप मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक मोहम्मद रवान की मौत हो गई। मृतक रतनपुरा थाना क्षेत्र के सोनपुर वार्ड 14 निवासी कलीम अंसारी का पुत्र था।

जानकारी के अनुसार, मोहम्मद रवान बाइक से किसी काम के सिलसिले में सिमराही बाजार जा रहा था। इसी दौरान सतपोखरिया के पास पीछे से तेज गति से आ रही ‘राहुल राज’ नामक बस ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही करजाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बस को सिमराही में पकड़कर जब्त कर लिया, हालांकि चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मामले में करजाइन थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेजा जा रहा है। बस को जब्त कर लिया गया है। प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *