सुपौल: त्रिवेणीगंज में सोलर मेले का आयोजन, पीएम सूर्य घर योजना की दी गई जानकारी

Report: A.K. Chaudhary

त्रिवेणीगंज सोलर मेला : सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने और आम लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जोड़ने के उद्देश्य से सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज में भव्य सोलर मेले का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अनूप लाल महाविद्यालय के सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन डीडीसी इंद्रवीर कुमार, एसडीएम अभिषेक कुमार, बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता आलोक कुमार रंजन सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

सोलर मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारी, सोलर क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि और विशेषज्ञ मौजूद रहे। इस दौरान लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने बताया कि घर की छत पर सोलर पैनल लगाकर उपभोक्ता अपने बिजली बिल में काफी बचत कर सकते हैं। सरकार की ओर से सोलर प्लांट लगाने के लिए अनुदान के साथ न्यूनतम ईएमआई पर ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे आम उपभोक्ताओं के लिए सौर ऊर्जा अपनाना आसान होगा।

ये खबर भी पढ़े : https://newsexpressbihar.com/karjaain-satpokhariya-road-accident-mohammad-ravan-death/

मेले में लोगों को सोलर ऊर्जा के फायदे, योजना की प्रक्रिया और मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गई। आयोजकों ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से जहां बिजली खर्च को कम करने में मदद मिलेगी, वहीं स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान होगा।

सोलर मेले में पहुंचे लोगों ने योजना की जानकारी लेने के साथ सौर ऊर्जा अपनाने में भी रुचि दिखाई। अधिकारियों ने लोगों से सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठाने की अपील की।

Leave a Comment

[democracy id="1"]