
Report: A.K. Chaudhary
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर अपने भाई की कलाई पर राखी बांधने जा रही एक महिला की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे में एक बच्चे समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना शुक्रवार को सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामविशनपुर चौक के समीप एनएच-27 पर हुई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

बताया गया कि फारबिसगंज की ओर से एक मोटरसाइकिल पर एक बच्चा समेत चार लोग सवार होकर सुपौल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रामविशनपुर चौक के समीप पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात कार ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार सड़क पर गिर गए। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला, एक पुरुष और करीब 18 माह का बच्चा घायल हो गया।
मृतका की पहचान पिपरा थाना क्षेत्र के पिपरा निवासी रवि धामी की 25 वर्षीय पत्नी पूजा देवी के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान जदिया निवासी 21 वर्षीय दिलखुश कुमार, 19 वर्षीय किशमिश देवी तथा दिलखुश कुमार के 18 माह के बच्चे के रूप में हुई है।
भाई को राखी बांधने जा रहे थे सुपौल
घायल दिलखुश कुमार ने बताया कि वह अपनी पत्नी, साली पूजा देवी और साली के करीब 18 माह के बच्चे के साथ मोटरसाइकिल से चकरदाहा, फारबिसगंज से सुपौल जा रहे थे। रक्षाबंधन के अवसर पर पूजा देवी, किशमिश देवी अपने भाई को राखी बांधने जा रही थी। इसी दौरान रामविशनपुर चौक के समीप पीछे से आ रही अज्ञात कार ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उसकी साली पूजा देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू किया।
महिला और पुरुष की हालत गंभीर, रेफर
रेफरल अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अंजार अहमद ने बताया कि दुर्घटना के बाद तीन घायल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे। इनमें एक महिला और पुरुष की स्थिति गंभीर थी, जिसके कारण प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं बच्चे की हालत फिलहाल स्थिर और ठीक बताई गई है। चिकित्सक ने बताया कि हादसे में एक महिला की मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी।
भाई अस्पताल पहुंचा तो देखकर हुआ बेहोश
रक्षाबंधन के दिन जिस भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए पूजा देवी घर से निकली थी, उसे क्या पता था कि यह सफर उसकी बहन की जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। घटना की जानकारी मिलते ही पूजा के परिजन और उसका भाई रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचे। अस्पताल में बहन की मौत की खबर और स्थिति देखकर उसका भाई खुद बेसुध होकर गिर पड़ा। इस मार्मिक दृश्य को देखकर अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रक्षाबंधन के दिन परिवार में खुशियों की जगह मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू की। हादसे के बाद कुछ देर के लिए एनएच-27 पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए सड़क पर आवागमन बहाल कराया।
राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि दुर्घटना के बाद सड़क पर आवागमन सामान्य कर दिया गया है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम में भेज दी गयी है। दुर्घटना में शामिल अज्ञात कार की पहचान और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।







