
Report: A.K. Chaudhary
रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को सुपौल जिले के सिमराही बाजार में प्रशासन की विशेष व्यवस्था के कारण यातायात सुचारु रहा और बाजार में एक बार भी भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। हर वर्ष रक्षाबंधन के दिन सिमराही बाजार में घंटों जाम लगने से राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था, लेकिन इस बार प्रशासन की पूर्व तैयारी और निगरानी के कारण लोगों को जाम की समस्या से राहत मिली।

बता दें कि सिमराही बाजार से होकर दो प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-27 और एनएच-131 गुजरते हैं। दोनों एनएच के जंक्शन प्वाइंट पर वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण पर्व-त्योहार के दौरान अक्सर लंबा जाम लग जाता था। इसे देखते हुए वीरपुर एसडीएम विनय कुमार की पहल पर इस बार रक्षाबंधन से पहले ही यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की गई।

अनुमंडल कार्यालय वीरपुर की ओर से गुरुवार को संयुक्त पत्र जारी कर सिमराही बाजार के दोनों एनएच के जंक्शन प्वाइंट से करीब 200 मीटर की दूरी पर चारों तरफ दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी। हालांकि शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान कुछ दंडाधिकारी दोपहर बाद पहुंचे, लेकिन पुलिस की सक्रियता के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई।

इधर, राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने भी रक्षाबंधन से एक दिन पहले गुरुवार की रात एनएच-131 के जंक्शन प्वाइंट पर अपने पुलिस पदाधिकारियों के साथ पहुंचकर सड़क के बीचोंबीच दोनों तरफ बैरिकेडिंग करवाई। इसका उद्देश्य वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करना और जंक्शन प्वाइंट पर वाहनों को अनावश्यक रूप से रुकने से रोकना था।
रक्षाबंधन के दिन थानाध्यक्ष अमित कुमार राय स्वयं पुलिस पदाधिकारियों के साथ जंक्शन प्वाइंट पर मुस्तैद रहे। पुलिस टीम लगातार वाहनों की आवाजाही पर नजर रखती रही। वहीं ट्रैफिक डीएसपी कमलेश्वर कुमार भी राघोपुर थाना में बैठकर सिमराही बाजार की यातायात व्यवस्था की मॉनिटरिंग करते रहे। अधिकारियों के बीच समन्वय और मौके पर पुलिस की सक्रियता का असर बाजार में साफ तौर पर देखने को मिला। ट्रैफिक पुलिस के द्वारा मोटरसाइकिल पर सवार ट्रिपल लोड वाले का चालान भी काटा गया।

इस बाबत एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व को देखते हुए सिमराही बाजार में यातायात व्यवस्था को लेकर पहले से ही विशेष तैयारी की गई थी। बाजार में एनएच-27 और एनएच-131 के जंक्शन प्वाइंट पर वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए दोनों ओर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी। साथ ही पुलिस प्रशासन को यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखने और किसी भी परिस्थिति में जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होने देने का निर्देश दिया गया था। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य पर्व के दौरान बाजार में आने-जाने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देना था। पूर्व तैयारी, पुलिस की मुस्तैदी और अधिकारियों के आपसी समन्वय के कारण रक्षाबंधन के दिन सिमराही बाजार में यातायात सुचारु रहा और जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
वहीं, इस बार सिमराही बाजार में जाम नहीं लगने से स्थानीय लोगों में खुशी देखी गई। स्थानीय बिंदी गुप्ता, प्रमोद साह, राजू महतो, मयंक गुप्ता, गुड्डू गुप्ता, मो अरमान, राहुल दास, चन्द्रकिशोर यादव, रोहन कुमार मंडल, सरोज सिंह, राजू सिंह आदि लोगों का कहना था कि प्रत्येक वर्ष रक्षाबंधन के दिन बाजार में भीषण जाम की स्थिति बन जाती थी और लोगों को घंटों परेशान होना पड़ता था। इस बार प्रशासन की पूर्व तैयारी और पुलिस की मुस्तैदी के कारण लोगों को जाम से राहत मिली।
स्थानीय लोगों ने यातायात व्यवस्था को लेकर की गई पहल के लिए वीरपुर एसडीएम विनय कुमार एवं राघोपुर पुलिस का आभार जताया। लोगों ने कहा कि पर्व के दौरान इसी तरह की पूर्व तैयारी और प्रभावी यातायात व्यवस्था आगे भी जारी रही तो सिमराही बाजार में लगने वाली जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिल सकती है।







