वैशाली: राघोपुर में दर्दनाक नाव हादसा, गंगा नदी में नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत से मचा कोहराम, पीएम, सीएम ने जताया दुःख

News Desk Vaishali:

वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद पंचायत में मंगलवार की रात नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 13 बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के समीप सिंघेश्वर राय के यहां श्राद्ध भोज का आयोजन किया गया था। भोज में शामिल होने के लिए करीब 20 से 25 लोग एक छोटी नाव पर सवार होकर ढाब के दूसरी ओर जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब साढ़े आठ बजे बीच पानी में नाव असंतुलित होकर पलट गई। नाव पर सवार लोग पानी में डूबने लगे, जिसके बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद पानी में डूबे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राघोपुर फतेहपुर ले जाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद 13 बच्चों को मृत घोषित कर दिया। तीन बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है, जबकि एक बच्चे का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

रातभर जारी रहा बचाव अभियान

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने मीडिया को बताया कि नाव हादसा रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, नाव पर बच्चे सवार होकर पास के गांव में भोज खाने जा रहे थे, तभी नाव पलट गई।

डीएम ने बताया कि हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों की उम्र करीब 15 वर्ष के आसपास बताई गई है। घटनास्थल पर एसडीआरएफ की टीम तैनात की गई है और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी रखा गया।

मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री ने जताया दुख

नाव हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

वहीं, प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से भी घटना पर शोक व्यक्त किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद रामपुर श्यामचंद पंचायत सहित आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है। घटना ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]