Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के नगर पंचायत सिमराही स्थित एसआर शिक्षा सम्राट स्कूल में नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा के अवसर पर उत्साह और उल्लास के साथ विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता एवं निदेशिका अल्पना मेहता ने किया।

उत्सव के दौरान प्राइमरी कक्षाओं के बच्चों ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के साथ राम, सीता, लक्ष्मण और राधा-कृष्ण सहित विभिन्न देवी-देवताओं की वेशभूषा धारण कर आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं, छात्राओं के लिए आयोजित डांडिया कार्यक्रम ने उत्सव के माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया।

कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण सेकेंडरी कक्षाओं के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए रावण, मेघनाद और कुंभकरण के विशाल पुतलों का दहन रहा। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और कौशल का परिचय देते हुए पुतले तैयार किए। इस दौरान इन पुतलों को सामाजिक कुरीतियों और वैश्विक चुनौतियों का प्रतीक बताते हुए बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर चेयरमैन महादेव मेहता ने कहा कि शक्ति प्रत्येक व्यक्ति के भीतर विद्यमान है और उसे पहचानकर सकारात्मक कार्यों में लगाना जरूरी है। निदेशिका अल्पना मेहता ने छात्राओं को मां दुर्गा से प्रेरणा लेकर जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा से समाज में पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रशासनिक निदेशक सह प्राचार्य किसलय रवि ने कहा कि विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार और सदाचरण विकसित करना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। वहीं, अकादमिक निदेशक राजा रवि ने बच्चों को देवी-देवताओं के आदर्श गुणों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मनीषा झा, काजल राउत, मौली मोदक, जूली मिश्रा, गौरव कुमार, रंजीत लामा, कृष्णा गुप्ता, आदर्श लामा, शिवशंकर मेहता, पप्पू मेहता, अर्जुन कुमार, सुधांशु वर्मा, सुमन झा, रमेश मुखिया समेत विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की अहम भूमिका रही।







