Report: A.K. chaudhary
सुपौल जिले के नगर पंचायत सिमराही अंतर्गत दुर्गापुर स्थित सार्वजनिक मां दुर्गा मंदिर परिसर में माता का पट खुलने के बाद मेले का विधिवत शुभारंभ किया गया। श्री श्री 1008 श्री दुर्गा समिति, दुर्गापुर की ओर से आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन उपस्थित अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण रहा और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
समारोह में सुपौल के सांसद दिलेश्वर कामैत, विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव, वीरपुर एसडीएम विनय कुमार, एसडीपीओ पवन कुमार, सीओ रश्मि प्रिया, आरओ आकांक्षा मिश्रा, भाजपा नेता सचिन माधोगड़िया, राजद नेता बैद्यनाथ मेहता, सिकंदर प्रसाद यादव, प्रो. कमल यादव और शशि प्रसाद सिंह सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
इसके अलावा मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेश यादव, सचिव सागर यादव, कोषाध्यक्ष प्रकाश मेहता, प्रो. हरिशंकर यादव, प्रो. प्रमोद कुमार, स्मृति कुमारी, उपमुख्य पार्षद विनीता देवी और प्रमोद साह सहित समिति के सदस्य एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। समारोह में अतिथियों को माला, शॉल और पाग पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं, डॉ. राजेन्द्र पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गान और भक्ति गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
धार्मिक आयोजन सामाजिक एकता को करते हैं मजबूत : सांसद
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद दिलेश्वर कामैत ने कहा कि मां दुर्गा की आराधना शक्ति, श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। दुर्गापूजा जैसे धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं के प्रतीक हैं। इनके माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है। सांसद ने क्षेत्रवासियों को दुर्गापूजा की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
दुर्गापूजा से बढ़ता है आपसी सद्भाव : विधायक
विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव ने कहा कि दुर्गापूजा आस्था, विश्वास और सामाजिक सौहार्द का पर्व है। इस तरह के आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को एक साथ लाते हैं और आपसी संबंधों को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों को दुर्गापूजा की बधाई देते हुए मेले के सफल आयोजन की कामना की।
माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु
मेले के उद्घाटन के साथ ही दुर्गापुर स्थित सार्वजनिक मां दुर्गा मंदिर परिसर में उत्सवी माहौल देखने को मिला। मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है। मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंज उठा। मेले के कारण इलाके में चहल-पहल बढ़ गई है। धार्मिक आयोजन स्थानीय लोगों के लिए आस्था के साथ-साथ आपसी मेल-मिलाप का भी अवसर बन रहा है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों की सक्रिय भूमिका रही। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।







