पटना यूनिवर्सिटी छात्रावास में देर रात पुलिस छापेमारी, छात्रसंघ चुनाव से पहले 8 छात्र गिरफ्तार

छात्रसंघ चुनाव से पहले पटना विश्वविद्यालय परिसर में पुलिस ने देर रात सघन छापेमारी अभियान चलाया। भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान मिंटो छात्रावास से 8 छात्रों को नशे की हालत में गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि कैंपस में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

News Desk Patna:

पटना विश्वविद्यालय: छात्रसंघ चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पटना विश्वविद्यालय के छात्रावासों में बुधवार देर रात पुलिस ने सघन छापेमारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई एसपी भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई। लगातार मिल रही शिकायतों और चुनावी माहौल को देखते हुए विशेष अभियान चलाया गया।

पुलिस टीम ने विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए अवैध गतिविधियों, नशाखोरी और आपराधिक तत्वों पर विशेष नजर रखी। छापेमारी के दौरान मिंटो छात्रावास से 8 छात्रों को नशे की हालत में गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई के बाद पूरे कैंपस में हड़कंप मच गया।

शिकायतों के बाद पहुंची पुलिस

नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान को लेकर पुलिस का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से छात्र संगठनों के बीच वर्चस्व को लेकर तनाव और संभावित भिड़ंत की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के मद्देनजर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच अभियान चलाया गया।

एसपी भानु प्रताप सिंह के अनुसार गिरफ्तार छात्रों में से एक का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। सभी छात्रों से पूछताछ जारी है और उन्हें आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस ने संकेत दिया है कि इस तरह की छापेमारी आगे भी जारी रह सकती है।

चुनाव से पहले बढ़ी सतर्कता

छात्रसंघ चुनाव को लेकर कैंपस में गतिविधियां तेज हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जल्द ही प्रारंभिक उम्मीदवार सूची जारी की जानी है। यदि किसी अभ्यर्थी को सूची पर आपत्ति हो तो वह ग्रीवांस सेल में शिकायत दर्ज करा सकता है। अंतिम वैध उम्मीदवार सूची 21 फरवरी को प्रकाशित होगी।

छात्रसंघ चुनाव का मतदान 28 फरवरी को होना तय है। सेंट्रल पैनल के अंतर्गत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष — इन पांच प्रमुख पदों के लिए मतदान होगा। इसके अलावा 22 काउंसिल मेंबर पदों पर भी चुनाव कराया जाएगा। कॉलेज काउंसिल मेंबर के लिए प्रत्येक एक हजार विद्यार्थियों पर एक प्रतिनिधि चुना जाएगा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियान का मुख्य उद्देश्य कैंपस में अनुशासन बनाए रखना, छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Comment