



न्यूज डेस्क सुपौल:
अमात समाज को राजनीतिक भागीदारी दिलाने की उठी आवाज, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने दिया आश्वासन
जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत सिमराही बाजार स्थित एक उत्सव भवन परिसर में सोमवार को अमात समाज की एकता, जागरूकता और सम्मान को केंद्र में रखते हुए “अमात जाति सम्मेलन” एवं “स्वर्गीय छियान्तर राय उर्फ महाशय जी सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अगुवाई भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार राय द्वारा की गई। आयोजन में जिले सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों से भारी संख्या में अमात समाज के लोगों ने सहभागिता की। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय व विशिष्ट अतिथि के रूप में बिहार सरकार के मंत्री नीरज सिंह ‘बबलू’ शामिल हुए। वही समारोह में अमात जाति के लोगों ने भाग लिया।

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने स्व. छियान्तर राय को एक प्रेरणादायी व्यक्तित्व बताया। उन्होंने कहा कि छियान्तर राय ने ब्रिटिश काल में भारतीय सिविल सेवा (ICS) जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा पास करने के बावजूद सरकारी नौकरी का मोह त्यागकर समाज सेवा का मार्ग चुना। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों और जातीय असमानता के खिलाफ लड़ाई लड़ी तथा समाज में समानता, एकता और चेतना का अलख जगाया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसे संघर्षशील एवं प्रेरक व्यक्तित्वों का सदैव सम्मान करती रही है। राम कुमार राय जैसे कर्मठ कार्यकर्ताओं के प्रयासों को पार्टी मान्यता देती है, और अमात समाज के उत्थान में उनके योगदान को देखते हुए वह स्वयं सराहना के पात्र हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि भाजपा अमात समाज को राजनीतिक मंच पर प्रतिनिधित्व दिलाने हेतु प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि अमात जाति ऐतिहासिक रूप से सम्मानित रही है और पुराने समय में राजदरबारों में विद्वानों व सलाहकारों के रूप में प्रतिष्ठा प्राप्त की थी।

नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब तक देश के 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया गया है, जिनमें अमात समाज के हजारों लोग भी लाभान्वित हुए हैं। यदि अमात समाज संगठित होकर भाजपा से जुड़ता है, तो पार्टी उनकी आकांक्षाओं और अधिकारों का पूर्ण सम्मान करेगी।

वहीं विशिष्ट अतिथि नीरज कुमार सिंह ‘बबलू’ ने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के सिद्धांत पर काम करती है। उन्होंने रामकुमार राय की संगठन क्षमता की सराहना करते हुए बताया कि पार्टी ने उन्हें दो बार जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है, जो उनकी कार्यकुशलता का प्रमाण है।
बबलू सिंह ने यह भी कहा कि केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय सदैव सुपौल जिले के विकास और जनहित की बात करते हैं। उन्होंने अमात समाज को निकट भविष्य में राजनीतिक भागीदारी दिलाने का भी आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन में की गई बढ़ोतरी को गरीबों और वंचितों के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक बताया।

इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रामकुमार राय अपने संबोधन के दौरान भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि देश में अधिकांश जातियों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिल रहा है, लेकिन अमात समाज अब भी उपेक्षित है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि अमात समाज को भी न्यायपूर्ण राजनीतिक भागीदारी मिले। उन्होंने बताया कि बिहार के कई विधानसभा क्षेत्रों में इस समाज की अच्छी जनसंख्या है, जो उन्हें राजनीतिक रूप से प्रतिनिधित्व के योग्य बनाती है।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव, पूर्व विधायक अमला सरदार, नगर परिषद सुपौल के मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा राघव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिलीप सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष विनीता देवी, सीमा कुशवाहा, जिला मंत्री स्मृति कुमारी, ममता झा, मनोज सिंह, प्रो. बैद्यनाथ भगत, नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष भरत सिंह, विपिन साह, आलोक, जितेंद्र राय, मनोज राय, अरविंद राय, प्रशांत वर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस सम्मेलन के माध्यम से अमात समाज ने न केवल अपनी सामाजिक एकता का प्रदर्शन किया, बल्कि राजनीतिक भागीदारी की मजबूत मांग भी सामने रखी, जिसे केंद्रीय मंत्री ने गंभीरता से लिया और उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया।