सुपौल: पिपरा बाजार में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, लोगों ने अतिक्रमण हटाने के नाम पर खानापूर्ति का लगाया आरोप

News Desk Supaul:

जिले के पिपरा प्रखंड क्षेत्र के नगर पंचायत अंतर्गत पिपरा बाजार में बुधवार को प्रशासन द्वारा बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर कार्यपालक पदाधिकारी प्रियंका कुमारी के नेतृत्व में दोपहर बाद शुरू हुए इस अभियान में जेसीबी मशीनों के साथ नगर पंचायत कर्मी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पिपरा सीओ उमा कुमारी, थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा सहित पुलिस टीम लगातार पूरे अभियान की निगरानी करती रही।

एनएच-106 और सिमरिया रोड पर हुई कार्रवाई

अभियान के तहत मुख्य मार्ग एनएच-106 और सिमरिया रोड को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए दुकानों के सामने बने अवैध शेड, सड़क किनारे किए गए निर्माण और अतिक्रमण को हटाया गया। कई स्थानों पर जेसीबी से गड्ढे खोदकर अवैध संरचनाओं को तोड़ा गया।

कार्रवाई के दौरान लोगों का विरोध

अभियान के दौरान कई स्थानीय लोगों एवं दुकानदारों ने विरोध जताया। दुकानदारों का आरोप था कि प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने में निष्पक्षता नहीं बरती। उनका कहना था कि आम दुकानदारों की दुकानों के सामने जेसीबी चलाकर अतिक्रमण हटाया गया, जबकि कुछ “खास लोगों” के अवैध निर्माण को नज़रअंदाज़ किया गया।

बिजली बाधित न करने पर भी आपत्ति

स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि अभियान से पहले बिजली कटौती कराई जानी चाहिए थी, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। बिजली चालू रहने के बावजूद अभियान जारी रखने पर लोगों ने चिंता जताई। इस पर सीओ उमा कुमारी ने कहा कि इस मामले को देखते है।

जाम से राहत की उम्मीद

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि प्रशासन पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से अतिक्रमण हटाए, तो बाजार में लगातार रहने वाली जाम की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति किया जा रहा है।

प्रशासन का दावा—“चरणबद्ध तरीके से पूरे बाजार को अतिक्रमण मुक्त करेंगे”

नगर प्रशासन ने साफ कहा कि यह एक नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है और आने वाले दिनों में पूरे बाजार क्षेत्र को क्रमवार अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। नगर पंचायत पिपरा की ईओ प्रियंका कुमारी ने कहा— “अभियान जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोगों से सहयोग की अपील है।”

Leave a Comment

[democracy id="1"]