Report: A.K Chaudhary
जिले के सिमराही स्थित द परफेक्ट इंग्लिश एकेडमी में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक विनय चांद, प्राचार्य अमित कुमार, विद्यालय के पूर्व टॉपर छात्र वैभव जैन एवं बच्चों के अभिभावकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम से पूर्व विद्यालय के प्राचार्य अमित कुमार ने झंडोत्तोलन किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों द्वारा “बम-बम भोले”, “मेरे देश की बेटी” एवं “ऑपरेशन सिंदूर” जैसे समसामयिक और प्रेरणादायक विषयों पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

बच्चों की अभिनय क्षमता, आत्मविश्वास और संदेशपूर्ण प्रस्तुति को उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खूब सराहा।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीत, भाषण, समूह नृत्य सहित कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन शिक्षिका अर्पणा सिंह एवं रिया अग्रवाल ने किया।

मौके पर विद्यालय के निदेशक विनय चांद ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यह हमें अपने संविधान, अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है। बच्चों में बचपन से ही देशभक्ति, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का विकास करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और सामाजिक चेतना भी पैदा करते हैं।

प्राचार्य अमित कुमार ने कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व बच्चों में अनुशासन, देशप्रेम और संविधान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। आज बच्चों ने जिस आत्मविश्वास और भावनात्मक गहराई के साथ प्रस्तुतियाँ दी हैं, वह उनके सर्वांगीण विकास का प्रमाण है। विद्यालय का उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और राष्ट्रीय चेतना का निर्माण करना है।

वहीं मैनेजिंग डायरेक्टर दीपक गुप्ता ने कहा कि हमारा प्रयास है कि बच्चे केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें। बच्चों की देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने यह साबित कर दिया कि आने वाली पीढ़ी देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।

मौके पर रोहित चांद, शिक्षक आशीष रंजन झा, सुबोध कुमार, शंकर सेन, धीरज मेहता, रूपेश कुमार, विकाश कुमार सहित शिक्षिकाएं पुष्पांजलि कुमारी, अनुष्का सिंह, आन्या कुमारी, नंदनी कुमारी, शीनू मिश्र, कविता चौधरी, रोशनी मेहता, प्रीति मेहता, ज्योति शर्मा, देवादित्य सेन समेत सैकड़ों छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।








