सुपौल: हरिपुर में भीषण आग, दो घर राख, दो बछड़ों की मौत, दो लोग झुलसे

Report: A.K Chaudhary

जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत हरिपुर पंचायत के फुलकाही वार्ड संख्या 9 में बीती रात अचानक लगी भीषण आग ने दो परिवारों की खुशियां पल भर में राख कर दीं। इस दर्दनाक अगलगी की घटना से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। आग की चपेट में आकर दो घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जबकि घर में बंधी दो गाय गंभीर रूप से झुलस गईं और दो बछड़ों की जलकर मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात अचानक एक घर से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। शोर सुनते ही आसपास के लोग बाल्टी, पानी और अन्य संसाधनों के साथ आग बुझाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में घर में रखा अनाज, कपड़े, बक्सा, बिस्तर, जरूरी कागजात समेत अन्य घरेलू सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।

आग बुझाने के दौरान गृहस्वामी मो. इशाक (उम्र लगभग 60 वर्ष) और मो. इरफान (उम्र लगभग 25 वर्ष) आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है, हालांकि वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

पीड़ित परिवारों ने बताया कि आग लगने के कारणों का अब तक कोई स्पष्ट पता नहीं चल सका है। न तो बिजली शॉर्ट सर्किट की पुष्टि हो पाई है और न ही किसी अन्य वजह का पता चल पाया है। अचानक लगी इस आग ने परिवारों को खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर कर दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और पंचायत के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल आपदा राहत मुआवजा, घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था और पशु क्षति का उचित मुआवजा देने की मांग की है।

इस संबंध में अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Comment