गणपतगंज क्रिकेट लीग–2026: पहले सेमीफाइनल में बॉयज इलेवन सहरसा ने मतीन इलेवन सुपौल को हराकर फाइनल में बनाई जगह

Report: A.K Chaudhary

जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत गणपतगंज स्थित हाई स्कूल के मैदान में आयोजित गणपतगंज क्रिकेट लीग – 2026 के पांचवें दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में बॉयज इलेवन सहरसा और मतीन इलेवन सुपौल के बीच जोरदार टक्कर हुई, जिसमें शानदार प्रदर्शन के दम पर बॉयज इलेवन सहरसा ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

टॉस जीतकर बॉयज इलेवन सहरसा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 20 ओवर में टीम ने 9 विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाए। सहरसा की ओर से गोविंद ने बल्लेबाजी करते हुए टीम के लिए सर्वाधिक 30 गेंदों में 34 रन की उपयोगी पारी खेली, जिससे टीम एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी। मतीन इलेवन सुपौल के गेंदबाजों ने बीच-बीच में विकेट निकालकर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन अंतिम ओवरों में सहरसा ने रन गति बनाए रखी।

151 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मतीन इलेवन सुपौल की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम के बल्लेबाज सहरसा के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाए और लगातार विकेट गिरते चले गए। कमजोर बल्लेबाजी के चलते मतीन इलेवन की पूरी टीम 16वें ओवर में 101 रन पर ऑल आउट हो गई।

इस तरह बॉयज इलेवन सहरसा ने 49 रनों से शानदार जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया। मैच के दौरान सहरसा की गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण भी काबिले-तारीफ रहा, जिसने विपक्षी टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। सहरसा के तरफ से शानदार गेंदबाजी करते हुए इजराइल ने 4 ओवर में 3 विकेट लिया।

मैदान में मौजूद दर्शकों ने रोमांचक मुकाबले का भरपूर आनंद लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अब सभी की निगाहें टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां बॉयज इलेवन सहरसा खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी। सोमवार को दूसरा सेमीफाइनल त्रिवेणीगंज और किसनपुर के बीच खेला जाएगा।

Leave a Comment