सुपौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतरजिला कुख्यात अपराधी सुभाष यादव उर्फ निर्दोष यादव गिरफ्तार

News Desk Supaul:

सुपौल में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुपौल सदर थाना क्षेत्र से पुलिस ने अंतरजिला कुख्यात अपराधी सुभाष यादव उर्फ निर्दोष यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से हथियार, कारतूस, वाहन समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई जिले में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने से पहले की गई, जिसे पुलिस की तत्परता और सतर्कता का नतीजा माना जा रहा है।

इस संबंध में सुपौल के पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने सोमवार को प्रेस रिलीज जारी कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुपौल सदर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि वार्ड संख्या-16 ब्रह्मस्थान, नगर परिषद सुपौल निवासी कुख्यात अपराधी सुभाष यादव उर्फ निर्दोष यादव अपने कुछ साथियों के साथ किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से ब्रह्मस्थान चौक पहुंचने वाला है।

बरामद हथियार

सूचना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष ने तत्काल वरीय पुलिस पदाधिकारियों को अवगत कराया और त्वरित कार्रवाई का निर्णय लिया गया। इसके बाद गश्ती दल के सहयोग से ब्रह्मस्थान चौक पर नाकेबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।

इसी दौरान एक उजले रंग की नेक्सन कार और एक मोटरसाइकिल पुलिस नाकेबंदी को देखकर कुछ दूरी पर ही वाहन छोड़कर चार व्यक्ति भागने लगे। पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए वाहनों को कब्जे में लेकर विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान नेक्सन कार की पिछली सीट से तौलिया में छिपाकर रखा गया एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक कीपैड मोबाइल फोन, सुभाष यादव का आधार कार्ड तथा ललटू कुमार के नाम से जारी कार का आरसी कार्ड बरामद किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सुपौल सदर थाना में संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक सुपौल के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने मानवीय सूचना एवं तकनीकी–वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी सुभाष यादव उर्फ निर्दोष यादव को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा और गंभीर है। उसके विरुद्ध सुपौल, वीरपुर और सहरसा थाना क्षेत्रों में हत्या, रंगदारी, लूट, जानलेवा हमला तथा आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Leave a Comment