सुपौल: सिमराही में NH 27 पर अनियंत्रित कार गड्ढे में गिरी, बड़ा हादसा टला, सभी यात्री सुरक्षित

Report: A.K Chaudhary

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सिमराही के धर्मपट्टी स्थित NH 27 पर सोमवार शाम करीब चार बजे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। मधुबनी से अररिया की ओर जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के समय कार में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें दो बच्चे, एक महिला और दो पुरुष शामिल थे। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में सभी यात्री बाल-बाल बच गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज रफ्तार में थी। एनएच-27 पर धर्मपट्टी के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार पलटते हुए सीधे सड़क किनारे बने गड्ढे में जा घुसी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। कार में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि सभी यात्रियों को मामूली खरोंच तक नहीं आई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा।

सूचना मिलते ही राघोपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

Leave a Comment