मधेपुरा: बीपी मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज हॉस्टल में छात्रा की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस

News Desk Madhepura:

मधेपुरा जिले के बीपी मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रावास में सोमवार की शाम एक अत्यंत दुखद घटना सामने आई, जिससे पूरे कॉलेज परिसर में शोक और स्तब्धता का माहौल बन गया। कॉलेज की सिविल इंजीनियरिंग शाखा की दूसरे सेमेस्टर की छात्रा खुशबू कुमारी (20) का शव हॉस्टल के उनके कमरे से बरामद किया गया।

मृतका की पहचान मुजफ्फरपुर निवासी पवन कुमार सिंह की पुत्री खुशबू कुमारी के रूप में हुई है। वह कॉलेज हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थीं। सहपाठियों के अनुसार, खुशबू पढ़ाई में मेधावी थीं और खेलकूद में भी सक्रिय भूमिका निभाती थीं। वह कॉलेज स्तर पर कबड्डी की अच्छी खिलाड़ी मानी जाती थीं और सामान्य तौर पर मिलनसार स्वभाव की बताई जा रही हैं।

मृतिका का फाइल फोटो

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार की शाम काफी देर तक खुशबू के कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर उसकी सहेलियों को चिंता हुई। कई बार आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो इसकी सूचना तत्काल हॉस्टल प्रशासन को दी गई। कॉलेज प्रशासन की मौजूदगी में जब कमरे का दरवाजा खोला गया, तो छात्रा को कमरे के अंदर मृत अवस्था में पाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही सिंहेश्वर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर सदर एसडीएम संतोष कुमार तथा एएसपी प्रवेंद्र भारती भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि कॉलेज प्रशासन से सूचना मिली थी कि छात्रा अपने कमरे में अंदर से बंद थी। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है। फिलहाल घटनास्थल से किसी प्रकार का कोई पत्र या नोट मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कॉलेज प्रशासन ने घटना की जानकारी छात्रा के परिजनों को दे दी है। सूचना मिलते ही परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है।

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्रा किसी शैक्षणिक दबाव, व्यक्तिगत परेशानी या अन्य किसी कारण से तनाव में तो नहीं थी। परिजनों और सहपाठियों से बातचीत के बाद ही छात्रा के निजी जीवन से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल कॉलेज प्रशासन भी जांच पूरी होने तक किसी ठोस निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रहा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। कॉलेज परिसर में इस घटना के बाद शोक का माहौल है और छात्रों के बीच गहरी संवेदना देखी जा रही है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]