Report: A.K Chaudhary
जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत फिंगलास पंचायत के परसरमा वार्ड संख्या 5 में रविवार को सेंट जेवियर्स हाई स्कूल की नई शाखा का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह उत्साह और उल्लास के माहौल में संपन्न हुआ। विद्यालय की औपचारिक शुरुआत अतिथियों द्वारा फीता काटकर की गई।

इस अवसर पर सेंट जेवियर्स विद्यालय के क्षेत्रीय निदेशक रणधीर कुमार, निदेशक सतीश कुमार, विद्यालय के प्रबंधक राहुल आनंद तथा प्रशासक विश्वासचन्द्र मिश्रा प्रमुख रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं अभिभावकों की भी भागीदारी रही।

उद्घाटन के दौरान क्षेत्रीय निदेशक रणधीर कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सेंट जेवियर्स विद्यालय की शाखाएं देश के कई राज्यों में संचालित हैं। सुपौल में सफल संचालन के बाद अब राघोपुर में विद्यालय की नई शाखा की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विद्यालय का मुख्य उद्देश्य सिमराही एवं आसपास के क्षेत्र के बच्चों को बेहतर, आधुनिक और नैतिक शिक्षा प्रदान करना है।

विद्यालय के प्रबंधक राहुल आनंद ने कहा कि क्षेत्र के कई बच्चों का नामांकन सुपौल स्थित विद्यालय में नहीं हो सका था। अभिभावकों के आग्रह और क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए सिमराही में विद्यालय की शाखा खोलने का निर्णय लिया गया। उन्होंने आश्वस्त किया कि सुपौल शाखा में दी जा रही सभी शैक्षणिक सुविधाएं, संसाधन और शिक्षण व्यवस्था यहां भी समान रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी।
फिंगलास पंचायत के मुखिया प्रकाश यादव ने विद्यालय के उद्घाटन को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि अब तक इस इलाके में इस स्तर का विद्यालय नहीं था। सेंट जेवियर्स हाई स्कूल की शुरुआत से स्थानीय बच्चों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी।
वहीं भाजपा नेता बैद्यनाथ भगत ने विद्यालय के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में इस तरह के शिक्षण संस्थान का खुलना गर्व की बात है। उन्होंने विद्यालय प्रशासन से आग्रह किया कि कमजोर एवं वंचित वर्ग के बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि सभी बच्चों को समान रूप से शिक्षा का अवसर मिल सके।
मौके पर रामेश्वर भगत, बिंदी गुप्ता, रोहित भगत, मयंक गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।







