Report: A.K Chaudhary
केंद्र एवं राज्य सरकार के निर्देश पर किसानों का नाम फार्मर रजिस्टर में दर्ज कराने के उद्देश्य से जिले के राघोपुर अंचल कार्यालय परिसर में रविवार को अभियान के तीसरे चरण के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विभिन्न मौजों के रैयती किसानों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और किसान रजिस्टर में अपना नाम दर्ज कराया। शिविर का आयोजन अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया की उपस्थिति एवं देखरेख में किया गया, जिससे पंजीकरण प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सकी।
शिविर के दौरान किसानों ने लगान रसीद, आधार कार्ड एवं मोबाइल नंबर के माध्यम से आवश्यक विवरण उपलब्ध कराते हुए किसान आईडी बनाने की प्रक्रिया पूरी की।

अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में संचालित सभी योजनाओं, विशेषकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ अब केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिनका नाम किसान रजिस्टर में विधिवत रूप से दर्ज रहेगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे समय रहते किसान आईडी बनवाकर ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की सरकारी सहायता से वंचित न रह जाएं।
अंचलाधिकारी ने बताया कि सरकार एवं जिलाधिकारी के निर्देशानुसार किसान आईडी निर्माण का कार्य शिविर लगाकर युद्धस्तर पर किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को आयोजित तीसरे चरण के विशेष शिविर में कुल 230 एफआर आईडी बनाए गए, जबकि 460 किसानों का ई-केवाईसी पूरा किया गया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शेष किसानों के लिए लगातार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि क्षेत्र का कोई भी पात्र किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। बताया गया कि अभियान का तीसरा चरण 6 फरवरी से 11 फरवरी तक संचालित किया जा रहा है। इस अवधि में अलग-अलग तिथियों को विशेष शिविर लगाकर किसानों का पंजीकरण किया जाएगा।
रविवार को आयोजित शिविर में कार्यपालक सहायक, सर्वे अमीन, किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक, विकास मित्र, पर्यवेक्षक सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।







