Report: A.K Chaudhary
जिले के राघोपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में सोमवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब जिलाधिकारी सावन कुमार ने सुबह करीब 10:30 बजे औचक निरीक्षण किया। डीएम ने प्रखंड कार्यालय और अंचल कार्यालय के सभी विभागों का बारीकी से निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने राघोपुर ब्लॉक परिसर में निर्माणाधीन नए भवन का भी जायजा लिया। भवन निर्माण में अनियमितता और लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल जांच कराने का निर्देश दिया। निर्माण में उपयोग हो रहे सीमेंट की बोरी को स्कैन करने पर उसका सत्यापन नहीं हो पाने पर डीएम ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बीडीओ और सीओ स्वयं अपनी उपस्थिति में भवन निर्माण कार्य को संपन्न कराएं, ताकि गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।

डीएम ने आरटीपीएस काउंटर, सीएससी काउंटर, प्रखंड कार्यालय तथा अंचल कार्यालय के सभी विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय में पहुंचे कई फरियादियों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए।

मीडिया से बातचीत करते हुए डीएम सावन कुमार ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि कई कर्मचारी समय पर कार्यालय नहीं आते हैं। इसी शिकायत की जांच के लिए उन्होंने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मात्र दो कर्मचारी ही उपस्थित पाए गए, जबकि अधिकांश कर्मचारी अनुपस्थित थे। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए डीएम ने समय से अनुपस्थित रहने वाले नौ कर्मचारियों की हाजिरी काटते हुए एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया। साथ ही सभी के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई करने की बात कही।

भवन निर्माण को लेकर डीएम ने संबंधित कार्यपालक अभियंता (एक्सक्यूटिव) को निर्देश दिया कि वे स्वयं स्थल पर पहुंचकर निर्माण कार्य की जांच करें और रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

निरीक्षण के दौरान मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सतेंद्र कुमार, अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया, राजस्व अधिकारी आकांक्षा कुमारी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।







