सुपौल: NH पर लगे भीषण जाम से कराह उठा सिमराही बाजार, 10 किलोमीटर तक वाहनों की कतार, घंटो तक फंसे रहे लोग

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के सिमराही बाजार में सोमवार दोपहर से राष्ट्रीय राजमार्ग 27 और राष्ट्रीय राजमार्ग 106 पर भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। दोपहर करीब 2 बजे से शुरू हुआ यह जाम देर शाम तक लोगों के लिए भारी परेशानी का कारण बना रहा। हालात ऐसे रहे कि NH-27 पर करीब 10 किलोमीटर और NH-106 पर लगभग 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। बता दें कि सिमराही के जेपी चौक पर दोनों NH का जंक्शन पॉइंट है।

जाम की चपेट में दर्जनों एम्बुलेंस, यात्री बसें, ट्रक और सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन फंसे रहे। एम्बुलेंस में मरीजों के फंसे होने से स्थिति और भी गंभीर हो गई, वहीं राहगीरों को घंटों तक जाम में खड़े रहना पड़ा। जाम में खासकर  महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि सिमराही बाजार क्षेत्र में अत्यधिक वाहनों का दबाव, सड़क किनारे अतिक्रमण और अव्यवस्थित ट्रैफिक संचालन के कारण जाम की स्थिति बेकाबू हो गई। सूचना मिलते ही राघोपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जाम हटाने के प्रयास शुरू किए। पुलिस के साथ-साथ स्थानीय युवाओं ने भी मोर्चा संभालते हुए वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकालने में अहम भूमिका निभाई।

काफी मशक्कत के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से धीरे-धीरे जाम को नियंत्रित किया गया। हालांकि जाम के कारण लोगों का घंटों का समय बर्बाद हुआ और आम जनजीवन प्रभावित रहा।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सिमराही बाजार क्षेत्र में स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था और अतिक्रमण हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या से निजात मिल सके।

Leave a Comment