Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में मद्य निषेध विभाग की सख्त निगरानी के बीच अवैध शराब तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में मद्य निषेध सिमराही थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 110 बोतल दिलवाले ब्रांड की अवैध शराब बरामद की है। इस दौरान एक मोटरसाइकिल के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरिपट्टी वार्ड 8 निवासी विकास कुमार के रूप में की गई।
मद्य निषेध थानाध्यक्ष संजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि राघोपुर थाना क्षेत्र के कोरियापट्टी में अवैध शराब की खेप लाई गयी है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी की। छापेमारी के दौरान 110 बोतल दिलवाले शराब बरामद की गई तथा मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की गई है और उसके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।







