News Desk Supaul:
सुपौल जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना नेमनमा स्थित पेट्रोल पंप के पास NH 327ए पर उस समय हुई जब दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने भिड़ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और दोनों वाहनों के पुर्जे बिखर गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई और कुछ देर के लिए सड़क जाम हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक काफी तेज गति से चल रही थीं। भिड़ंत के बाद घायलों को तुरंत बाहर निकालकर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान राजपुर वार्ड संख्या 01 निवासी रामचन्द्र मंडल के 22 वर्षीय पुत्र बिक्की कुमार तथा बैद्यनाथ साह के 23 वर्षीय पुत्र ब्रजेश कुमार की पहचान हो सकी है। तीसरे मृतक की पहचान में पुलिस जुटी है।
घायलों में राजपुर वार्ड संख्या 01 निवासी शिवचंद्र मंडल के 24 वर्षीय पुत्र मणिभूषण मंडल शामिल हैं। एक अन्य घायल युवक की पहचान की जा रही है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही किशनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।







