Report: A.K Choudhary
युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, निदेशालय नियोजन एवं प्रशिक्षण (नियोजन) के तत्वावधान में सुपौल स्थित संयुक्त श्रम भवन परिसर (आईटीआई, सुपौल के निकट) में जिला नियोजनालय द्वारा द्वितीय चरण के तहत एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला 2026 का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन जिलाधिकारी सावन कुमार, नगर परिषद के मुख्य पार्षद राघवेन्द्र झा, कोशी प्रमंडल के उप निदेशक (नियोजन), अ.प्रा.नि. सहरसा के सहायक निदेशक (नियोजन), जिले के श्रम अधीक्षक, जिला नियोजन पदाधिकारी तथा जिला निबंधन एवं परामर्श केन्द्र के प्रबंधक द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है और ऐसे नियोजन मेले इसका उदाहरण हैं। उन्होंने अधिक से अधिक अभ्यर्थियों के चयन पर बल देते हुए युवाओं को एआई एवं मशीन लर्निंग जैसी आधुनिक तकनीकी कौशल सीखने की भी सलाह दी।
जिला नियोजन पदाधिकारी अंकिता ने अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन देते हुए बताया कि NCS पोर्टल पर पंजीकृत छात्रों को स्टडी किट योजना के तहत UPSC, BPSC, SSC, रेलवे व बैंकिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। टूल किट योजना के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जाता है तथा प्रतिमाह जॉब कैम्प आयोजित किए जाते हैं। इसके अतिरिक्त निःशक्तजनों के लिए नियोजन सहायता कार्यक्रम तथा मॉडल करियर सेंटर के माध्यम से साप्ताहिक टेस्ट भी आयोजित किए जाते हैं।

मेले में निजी क्षेत्र की कंपनियों द्वारा साक्षात्कार के माध्यम से नि:शुल्क चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। कुल 20 नियोजकों ने भाग लिया, जिनके समक्ष 1285 अभ्यर्थियों ने बायोडाटा जमा किया। इनमें से 624 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया तथा 15 अभ्यर्थियों को स्थल पर ही औपबंधिक नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 67 लाभार्थियों को स्टडी किट, 11 लाभार्थियों को स्वरोजगार हेतु टूल किट तथा KYP प्रशिक्षण प्राप्त 50 अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इसके अलावा RSETI सुपौल, जिला उद्योग केन्द्र सुपौल, जिला कल्याण विभाग सुपौल एवं श्रम अधीक्षक कार्यालय सुपौल द्वारा 232 अभ्यर्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिला नियोजन पदाधिकारी अंकिता, निम्न वर्गीय लिपिक दीपक कुमार, जिला कौशल प्रबंधक प्रेम कुमार, डाटा एंट्री ऑपरेटर गौरव सागर, कार्यालय परिचारी सुमित कुमार, सुरक्षा कर्मी दीपक कुमार सिंह, राजू कुमार झा, अंजनी कुमार त्रिवेदी तथा सफाई कर्मी भूषण कुमार ठाकुर और दुर्गानन्द कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।







