Report: A.K Chaudhary
जिले के धरहारा स्थित प्रसिद्ध बाबा भीमशंकर मंदिर में आगामी महाशिवरात्रि पर्व को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को देर शाम में वीरपुर एसडीएम सह मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष नीरज कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम नीरज कुमार ने मंदिर समिति को सुरक्षा व्यवस्था, सजावट में किसी प्रकार की बाधा न हो, परिसर की साफ-सफाई, रंग-रोगन और पूजा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए मजिस्ट्रेट, मेडिकल टीम सहित आवश्यक कर्मियों की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही उन्होंने सीओ और थानाध्यक्ष को मंदिर तक जाने वाली सड़कों से अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया, ताकि आवागमन सुचारु रह सके।

वहीं डीएसपी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मंदिर परिसर से लेकर गणपतगंज बाजार तक व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे और जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती रहेगी। सभी प्रवेश द्वार पर बैरिकेडिंग कर वाहनों का प्रवेश नियंत्रित किया जाएगा। यातायात व्यवस्था को लेकर मुख्य सड़क से मंदिर परिसर तक जाने वाली सभी मार्गो पर रविवार और सोमवार को पूर्णतः नो-एंट्री लागू रहेगी, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवाजाही मिल सके।

इस मौके पर राघोपुर बीडीओ सत्येंद्र कुमार, सीओ रश्मि प्रिया, थानाध्यक्ष अमित कुमार राय, पंचायत सचिव अर्जुन कुमार, मंदिर न्यास समिति के सदस्य संजीव कुमार तथा कोषाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी सहित अन्य मौजूद रहे।







